
ग्वालियर: इंदरगंज थाना पुलिस ने घर में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के कीमती गहने बरामद किए हैं, जबकि मामले में फरार तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार 5 मई को बृज विहार कॉलोनी निवासी अजय शंकर मित्तल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके सूने मकान में चोरी हो गई है। घटना के दौरान चोर घर से सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए थे। शिकायत के बाद इंदरगंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्धों की गतिविधियों और स्थानीय इनपुट के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने उनके कब्जे से एक सोने की चेन, दो सोने की अंगूठियां और एक जोड़ी चांदी की पायजेब बरामद की है।
मामले में मयूर राठौर, विशाल वर्मा, विवेक प्रजापति, फरमान खान और आकाश माहौर के नाम सामने आए हैं। इनमें से एक आरोपी नाबालिग बताया जा रहा है। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयराज कुबेर ने बताया कि मामले की जांच जारी है और शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपियों का किसी अन्य चोरी की वारदात से भी संबंध है या नहीं।
ये भी पढ़े – पीएम मोदी की अपील पर प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का एक्शन; भिंड में सज्जन यादव की नियुक्ति निरस्त
- gwalior-inderganj-police-arrested-two-thieves-gold-silver-jewellery-recovered










