
रतलाम/ नाहरू खान: रतलाम जिले के जावरा में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 67.58 ग्राम MD ड्रग्स के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ड्रग्स की कीमत करीब 6.70 लाख रुपये बताई है। आरोपियों के कब्जे से करीब 7 लाख रुपये कीमत की रेनॉल्ट काइगर कार भी जब्त की गई। कुल जब्त मशरूका 13.70 लाख रुपये का है। मामले में एक अन्य आरोपी फरार बताया गया है।
ईदगाह रोड पर मुखबिर की सूचना के बाद कार्रवाई
रतलाम। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जावरा शहर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 17 सितंबर 2026 को उपनिरीक्षक राकेश मेहरा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग अवैध MD ड्रग्स लेकर जावरा के बेगमपुरा ईदगाह रोड पर मौजूद हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने NDPS एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए ईदगाह के सामने घेराबंदी की। पुलिस ने मौके से तीन युवकों को पकड़ा और उनकी तलाशी तथा वाहन की जांच की।
67.58 ग्राम MD ड्रग्स बरामद
पुलिस के मुताबिक तलाशी के दौरान एक प्लास्टिक थैली में 67.58 ग्राम MD ड्रग्स बरामद हुई। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख 70 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने मौके से काले रंग की रेनॉल्ट काइगर कार क्रमांक MP 09 AM 6202 भी जब्त की है। कार की अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई गई है। ड्रग्स और कार समेत कुल जब्त मशरूका करीब 13 लाख 70 हजार रुपये का बताया गया है।
धार और खरगोन के रहने वाले हैं गिरफ्तार आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लक्की मंडलोई (23) निवासी गांधी नगर, मनावर जिला धार, अरबाज (23) निवासी ग्राम खड़कवानी, तहसील कसरावद जिला खरगोन और दानिश गौरी (32) निवासी अंबेडकर चौराहा, इंदौर रोड, मनावर जिला धार के रूप में हुई है।
तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने उनके खिलाफ थाना जावरा शहर में अपराध क्रमांक 345/2026 दर्ज किया है। मामले में धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।
एक आरोपी फरार, सप्लाई नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने मामले में वसीम चौकड़ी निवासी रतलामी गेट, जावरा को फरार आरोपी बताया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से पुलिस को पूछताछ के लिए रिमांड प्राप्त हुआ। पुलिस अब आरोपियों से MD ड्रग्स के स्रोत, इसे जावरा तक पहुंचाने वाले लोगों और संभावित सप्लाई नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस टीम और साइबर सेल की अहम भूमिका
कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक दीपक कुमार मंडलोई के मार्गदर्शन में की गई। टीम में उपनिरीक्षक राकेश मेहरा, सहायक उपनिरीक्षक सगीर खान, प्रधान आरक्षक जाकिर खान, मृदंग सातपुते, जगदीश चंद्र दमामी, दिनेश भागों, ललित जगावत सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। कार्रवाई में साइबर सेल की भी भूमिका रही।
पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना जारी है और पूछताछ के आधार पर मादक पदार्थ की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
- Javra-Police-Seizes-MD-Drugs-Worth-6-70-Lakh-Three-Arrested








