झांसी में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को बड़ी सौगात, मानदेय 12 हजार; सहायिकाओं को 6 हजार और आयुष्मान सुविधा

सार

राजकुमार शर्मा | झांसी के दीनदयाल सभागार में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और विभागीय लाभार्थियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। अयोध्या में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा के अनुसार आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय 8 हजार से बढ़ाकर 12 हजार और सहायिकाओं का 4 हजार से बढ़ाकर 6 हजार रुपये किया गया है। सभी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को आयुष्मान से जोड़ने की घोषणा के साथ कार्यकत्रियों को तीन साड़ियों के लिए धनराशि भी डीबीटी के माध्यम से दी गई। झांसी में सांसद अनुराग शर्मा ने नवनियुक्त सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए।

विस्तार

झांसी के दीनदयाल सभागार में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और विभागीय लाभार्थियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता झांसी-ललितपुर सांसद अनुराग शर्मा ने की। जिलाधिकारी गौरांग राठी और मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनाड ने सांसद का स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई।

कार्यक्रम में अयोध्या में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण भी देखा गया। इसी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी की घोषणा की। नई व्यवस्था के तहत कार्यकत्रियों का मानदेय 8 हजार रुपये से बढ़ाकर 12 हजार रुपये और सहायिकाओं का मानदेय 4 हजार रुपये से बढ़ाकर 6 हजार रुपये प्रतिमाह किया गया है। शासन की ओर से बढ़ा हुआ मानदेय सितंबर 2026 से लागू करने का आदेश भी जारी किया गया है।

इसके साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को स्वास्थ्य सुरक्षा के तहत आयुष्मान से जोड़ने की घोषणा की गई है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और उनके परिवारों को सालाना 5 लाख रुपये तक की कैशलेस उपचार सुविधा दिए जाने की घोषणा भी की गई है। इसके अलावा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को तीन साड़ियों के लिए धनराशि डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खातों में भेजी गई।

झांसी में सांसद अनुराग शर्मा ने मानदेय में वृद्धि और स्वास्थ्य सुविधा की घोषणा पर जिले की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को बधाई दी। उन्होंने नवनियुक्त आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए। कार्यक्रम में रेसिपी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सम्मानित किया गया। वहीं सैम/मैम श्रेणी के बच्चों के सामान्य श्रेणी में सुधार में योगदान देने वाले बच्चों के माता-पिता को भी सम्मानित किया गया।

सांसद अनुराग शर्मा ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वे गर्भवती और धात्री महिलाओं तथा छोटे बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी लोगों तक पहुंचाने का काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों और महिलाओं के पोषण एवं स्वास्थ्य में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की भूमिका महत्वपूर्ण है और स्वस्थ व पोषित बच्चों से ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण संभव है।

सांसद ने बताया कि जल्द ही झांसी में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें देश-विदेश के विशेषज्ञ चिकित्सकों को आमंत्रित कर बच्चों तथा गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के पोषण और स्वास्थ्य से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने की योजना है।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी गौरांग राठी, मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनाड, सहायक निदेशक सूचना सुरजीत सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी सुरेंद्र पटेल, जिला युवा कल्याण अधिकारी शिवराम, जिला कार्यक्रम अधिकारी दिनेश सिंह राजपूत, बाल विकास परियोजना अधिकारी बंगरा स्नेह गुप्ता, पूर्णिमा श्रीवास्तव, चंद्र प्रकाश साहू, शशिकांत कन्नौजिया और वंदना कुशवाह सहित बाल विकास परियोजना बड़ागांव, बबीना और शहर झांसी की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, सहायिकाएं और मुख्य सेविकाएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम के अंत में जिला कार्यक्रम अधिकारी दिनेश सिंह राजपूत ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

ये भी पढ़े  – दुबई में CM मोहन यादव ने निवेशकों को दिया MP आने का न्योता, बोले- सरकार कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेगी

 

 

  • jhansi-anganwadi-workers-honorarium-12000-helpers-6000-ayushman-card
Srota Swati Tripathy

Srota Swati Tripathy

Related Posts

दुरंतो एक्सप्रेस पर अचानक पथराव, AC कोचों के शीशे चटके, यात्रियों में मचा हड़कंप

महाराष्ट्र में नागपुर-मुंबई रेल मार्ग पर बोरखेड़ी स्टेशन के…

गणेश पंडाल में सो रहे लोगों पर करंट का कहर: 4 की मौत, 3 लोग घायल

मध्य प्रदेश के मंडला जिले में गणेश विसर्जन के…

You Missed

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में 6 देशों की कंपनियां, 25 सितंबर से ग्रेटर नोएडा में लगेगा कारोबार का बड़ा मंच

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में 6 देशों की कंपनियां, 25 सितंबर से ग्रेटर नोएडा में लगेगा कारोबार का बड़ा मंच

सेवा संकल्प बाइक राइडर्स से PM मोदी का संवाद, 35.42 लाख हितग्राहियों को मिले ₹212.57 करोड़

सेवा संकल्प बाइक राइडर्स से PM मोदी का संवाद, 35.42 लाख हितग्राहियों को मिले ₹212.57 करोड़

उज्जैन में 105 साल पुरानी परंपरा का भव्य नजारा, फूलडोल में दिखा शौर्य और कृष्ण लीला

उज्जैन में 105 साल पुरानी परंपरा का भव्य नजारा, फूलडोल में दिखा शौर्य और कृष्ण लीला

भोपाल में गरबा को लेकर सियासी घमासान, रामेश्वर शर्मा के बयान पर आरिफ मसूद का पलटवार

भोपाल में गरबा को लेकर सियासी घमासान, रामेश्वर शर्मा के बयान पर आरिफ मसूद का पलटवार

राहुल गांधी के इंदौर कार्यक्रम में PM मोदी की मिमिक्री पर विवाद, BJP ने कांग्रेस पर साधा निशाना

राहुल गांधी के इंदौर कार्यक्रम में PM मोदी की मिमिक्री पर विवाद, BJP ने कांग्रेस पर साधा निशाना