
क्वेटा/बलूचिस्तान: पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिमी प्रांत बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा में रविवार 24 मई को एक भीषण बम धमाके ने पूरे देश को दहला दिया। यह आत्मघाती हमला क्वेटा के चमन फाटक के पास उस समय हुआ, जब वहां से सैन्य कर्मियों को ले जा रही एक ट्रेन गुजर रही थी। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई है, जिनमें पाकिस्तानी सेना के जवान भी शामिल हैं। इसके अलावा, विस्फोट की चपेट में आने से 50 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
बलूचिस्तान के एक वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, धमाका इतना शक्तिशाली था कि ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतरकर पलट गए और उनमें भीषण आग लग गई। चमन फाटक के पास जैसे ही पेशावर जाने वाली यह ट्रेन एक सिग्नल को पार कर रही थी, तभी विस्फोटकों से भरी एक कार ने ट्रेन के एक डिब्बे को टक्कर मार दी।
इस आत्मघाती हमले की वजह से न केवल ट्रेन को भारी नुकसान पहुंचा, बल्कि रेलवे ट्रैक के पास खड़े कम से कम 10 अन्य वाहन भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के तुरंत बाद फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और सुरक्षा बलों सहित आपातकालीन सेवाओं को मौके पर भेजा गया, जिन्होंने कड़ा मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पाया और शवों व घायलों को मलबे से बाहर निकाला।
इस भीषण हमले की जिम्मेदारी प्रतिबंधित संगठन ‘बलूच लिबरेशन आर्मी’ (BLA) ने ली है। पाकिस्तानी समाचार चैनल एआरवाई न्यूज (ARY News) के मुताबिक, बीएलओ ने इसे एक ‘फिदायीन’ (आत्मघाती) हमला बताया है, जिसका सीधा मकसद पाकिस्तानी सैन्य कर्मियों को निशाना बनाना था। इस क्षेत्र में बलूच अलगाववादी लंबे समय से सुरक्षा बलों और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाते रहे हैं, लेकिन इस तरह सीधे ट्रेन को निशाना बनाकर किया गया यह हमला बेहद घातक माना जा रहा है।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ ने इस हमले पर गहरा दुख और कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि निर्दोष लोगों और देश के रक्षकों पर किए गए ऐसे घिनौने और बुजदिलान हमले आतंकवाद के खिलाफ पाकिस्तान के संकल्प को कमजोर नहीं कर सकते। प्रधानमंत्री शरीफ ने साफ किया कि सरकार और सुरक्षा बल देश से आतंकवाद के हर रूप और नामोनिशान को मिटाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं और इस घटना के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
- pakistan-quetta-train-blast-suicide-attack-balochistan-bla-casualties











