
करैरा,शिवपुरी/कुलदीप शर्मा की रिपोर्ट: करैरा स्थित पी.के. यूनिवर्सिटी के पं. महावीर प्रसाद मेमोरियल आयुर्वेदिक कॉलेज एवं हॉस्पिटल में नवीन शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि अपर कलेक्टर दिनेश चंद्र शुक्ला विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर पी.के. यूनिवर्सिटी के चांसलर जे.पी. शर्मा, वाइस चांसलर डॉ. मुकेश चंद्र, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ. जे.के. मिश्रा और कुलसचिव डॉ. जितेंद्र मलिक सहित कॉलेज प्रबंधन, प्राध्यापक, चिकित्सक और बड़ी संख्या में नवप्रवेशी विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत कॉलेज परिसर में पौधारोपण भी किया गया। अतिथियों और विद्यार्थियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और लगाए गए पौधों की देखभाल का संकल्प लिया।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों से किया संवाद
नवागत विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कलेक्टर अर्पित वर्मा ने अपने लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी, मसूरी के प्रशिक्षण अनुभवों और प्रशासनिक सेवा से जुड़े अनुभव साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में ‘शीलम् परम भूषणम्’ के सिद्धांत को अपनाने की सलाह दी।
कलेक्टर ने कहा कि उत्कृष्ट चरित्र व्यक्ति का सबसे बड़ा आभूषण है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, लगन और सेवा भाव के साथ चिकित्सा क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया। साथ ही मन लगाकर पढ़ाई करने, कठिन परिश्रम करने और गुरुजनों का सम्मान करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि आज किया गया परिश्रम ही विद्यार्थियों के उज्ज्वल और सफल भविष्य की नींव तैयार करेगा। कलेक्टर ने सभी नवप्रवेशी विद्यार्थियों को उनके सफल एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
कॉलेज की व्यवस्थाओं का किया अवलोकन
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने कॉलेज परिसर का भ्रमण किया। उन्होंने विशाल लाइब्रेरी के साथ विभिन्न शैक्षणिक एवं चिकित्सकीय विभागों की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ और राष्ट्रगान ‘जन-गण-मन’ का गरिमामय गायन हुआ। इस अवसर पर कॉलेज प्रबंधन, प्राध्यापकगण, चिकित्सक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
ये भी पढ़े – शिवपुरी में 1.5 किमी कच्ची सड़क बनी परेशानी, कीचड़ से स्कूल जाते हैं बच्चे
- pk-university-ayurvedic-college-karera-new-academic-session-collector-arpit-verma








