
रतलाम: सिंहस्थ-2028 के सफल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित आयोजन की तैयारियों के तहत रतलाम पुलिस पुलिसकर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन और कार्यक्षमता बढ़ाने पर विशेष ध्यान दे रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक कार्यालय रतलाम के मीटिंग हॉल में आयोजित हार्टफुलनेस ध्यान योग के छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के 9वें बैच का सफल समापन हुआ। इस बैच में 30 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम पुलिस महानिदेशक, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में पुलिस विभाग एवं हार्टफुलनेस संस्था के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम की शुरुआत 1 जून 2026 से हुई थी और अब तक आयोजित 9 बैचों में कुल 425 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी ध्यान एवं योग प्रशिक्षण से लाभान्वित हो चुके हैं।
तनावमुक्त पुलिसिंग और मानसिक संतुलन पर जोर
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को हार्टफुलनेस ध्यान पद्धति के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि प्रतिदिन सुबह ध्यान, दिनभर के कार्यों के बाद मानसिक शुद्धिकरण (क्लीनिंग) तथा रात्रि में सोने से पूर्व प्रार्थना एवं ध्यान करने से मानसिक तनाव कम होता है और व्यक्ति अधिक सकारात्मक एवं संतुलित रहता है। प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित ध्यान अभ्यास से पुलिसकर्मियों की एकाग्रता, निर्णय क्षमता, धैर्य, कार्यकुशलता और मानसिक ऊर्जा में वृद्धि होती है, जिससे चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी वे बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।
वीडियो प्रस्तुति और प्रायोगिक सत्र आयोजित
प्रशिक्षण सत्र की शुरुआत पूर्व में दिए गए प्रशिक्षण की पुनरावृत्ति (रीकैप) से की गई। इसके बाद पुलिस विभाग में हार्टफुलनेस ध्यान के सकारात्मक प्रभावों को दर्शाने वाली वीडियो क्लिप दिखाई गई। पुलिसकर्मियों की व्यस्त कार्यशैली को ध्यान में रखते हुए बेहतर नींद, तनाव नियंत्रण और मानसिक स्वास्थ्य पर विस्तार से चर्चा की गई।
सत्र में प्रार्थना के महत्व और उसकी सही विधि को एनिमेटेड वीडियो के माध्यम से समझाया गया। इसके बाद सभी प्रतिभागियों को सामूहिक ध्यान का प्रायोगिक अभ्यास भी कराया गया। अंत में प्रश्नोत्तर एवं संवाद सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। प्रशिक्षण में शामिल अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने इसे अत्यंत उपयोगी और प्रभावी बताया।
हर रविवार होगा ध्यान सत्र
प्रशिक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को नियमित अभ्यास जारी रखने के लिए विशेष दिशा-निर्देश भी दिए गए। बताया गया कि जिले के सभी थानों में प्रत्येक रविवार को ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन माध्यम से हार्टफुलनेस ध्यान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही हार्टफुलनेस प्रशिक्षकों की सूची एवं संपर्क नंबर भी उपलब्ध कराए गए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर पुलिसकर्मी व्यक्तिगत मार्गदर्शन प्राप्त कर सकें। इसके अलावा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को यह जानकारी भी दी गई कि वे अपने विभागीय पहचान पत्र के माध्यम से परिवार सहित कान्हा शांतिवनम आश्रम, हैदराबाद में तीन दिवसीय निःशुल्क प्रवास एवं उन्नत ध्यान प्रशिक्षण का लाभ भी ले सकते हैं।
हार्टफुलनेस संस्था और पुलिस विभाग का सहयोग
प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन हार्टफुलनेस संस्था के मुख्य प्रशिक्षक एवं स्वयंसेवक कृष्णवल्लभ सोनी, लोमेश शर्मा और धर्मेंद्र सिंह राठौड़ ने किया। वहीं पुलिस विभाग की ओर से आरआई मोहन भर्रावत, सूबेदार अनोखीलाल परमार एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सिंहस्थ-2028 की तैयारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने कहा कि सिंहस्थ-2028 जैसे विशाल आयोजन में पुलिस बल की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। ऐसे में पुलिसकर्मियों का मानसिक रूप से स्वस्थ, तनावमुक्त और ऊर्जावान होना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से ध्यान, योग और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी बेहतर कार्यक्षमता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, जिससे पुलिस बल का मनोबल और कार्यक्षमता दोनों सुदृढ़ हों।
ये भी पढ़े – चेहल्लुम पर्व को लेकर रतलाम पुलिस अलर्ट, एसपी अमित कुमार ने हुसैन टेकरी पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
- ratlam-heartfulness-meditation-yoga-training-9th-batch-completed-for-police-personnel-singhastha-2028-preparations










