
रीवा/अरविंद तिवारी की रिपोर्ट: जिले के गढ़ थाना क्षेत्र के गंभीरपुर गांव में सोमवार को पुराने जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। आरोप है कि एक पक्ष ने बाहरी लोगों को बुलाकर दूसरे पक्ष पर तलवार, चाकू, लाठी-डंडों और कथित तौर पर पिस्तौल के साथ जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में दोनों पक्षों के करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं, जिनका उपचार संजय गांधी अस्पताल, रीवा में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, विवाद उस समय शुरू हुआ जब खेत में बाउंड्री निर्माण का कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान जमीन के स्वामित्व और सीमांकन को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित पक्ष का आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद विरोधी पक्ष 10 से 12 लोगों को अपने साथ लेकर मौके पर पहुंचा। बताया जा रहा है कि इनमें से कुछ लोगों ने चेहरे ढके हुए थे और उनके हाथों में धारदार हथियार तथा लाठी-डंडे थे।
ये भी पढ़े – रीवा में शहीद परिवारों का सम्मान, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने स्वतंत्रता सेनानी सदन बनाने की घोषणा की
आरोप है कि हमलावरों ने मौके पर पहुंचते ही हमला शुरू कर दिया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई और लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। इस दौरान कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कुछ लोगों ने घटना का वीडियो भी बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में मारपीट, अफरा-तफरी और लोगों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति दिखाई दे रही है। हालांकि वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
घटना की सूचना मिलते ही गढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। सभी घायलों को उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद गंभीरपुर गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस सतर्क है। गढ़ थाना पुलिस ने शिकायत और वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वीडियो की जांच की जा रही है तथा उसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
ये भी पढ़े – रीवा में ढाई लाख के कर्ज ने ली किसान की जान! जमीन हड़पने के आरोप के बीच सुसाइड नोट लिखकर दी जान
- rewa-garh-serious-land-dispute-violent-clash-sword-attack-several-injured








