
सागर/ मनीष कुमार चौबे: जिले की शाहगढ़ तहसील के बरायठा गांव में बुधवार रात मुख्य बाजार स्थित एक ऑटो पार्ट्स की दुकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा टायर, इंजन ऑयल और अन्य ऑटो पार्ट्स पूरी तरह जलकर खाक हो गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में करीब 70 से 75 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
पुलिस गश्त के दौरान मिला आग लगने का पता
रात में गश्त कर रही बरायठा थाना पुलिस ने बाजार क्षेत्र में धुआं उठता देखा, जिसके बाद तत्काल दुकान मालिक पप्पन उर्फ प्रकाश जैन और ग्राम पंचायत सरपंच दौलत यादव को सूचना दी गई। साथ ही आसपास के लोगों को भी सतर्क कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
5 घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग
आग की गंभीरता को देखते हुए शाहगढ़ और बंडा नगर परिषद से फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। रात करीब 2 बजे शुरू हुआ राहत एवं बचाव कार्य सुबह लगभग 7 बजे तक चला। पुलिस, फायर ब्रिगेड, प्रशासन और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।
समय रहते आग बुझा लेने से आसपास की दुकानों और मकानों तक लपटें नहीं पहुंचीं, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी
घटना की सूचना मिलने पर शाहगढ़ तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। प्रशासन के अनुसार, प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण विद्युत शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
आगजनी में दुकान का अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया। पुलिस और प्रशासन नुकसान का आकलन करने के साथ ही मामले की विस्तृत जांच में जुटे हैं।
यह भी पढ़े: बड़ावदा पुलिस ने 36 घंटे में सुलझाया अंधा कत्ल: हत्या का आरोपी गिरफ्तार
- sagar-baraytha-auto-parts-shop-fire-loss-75-lakh











