
सागर: जिले में अपराध नियंत्रण और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बीना थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध देशी कट्टे और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। वहीं, जिला बदर के आदेश का उल्लंघन करने वाले एक अन्य आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
सोशल मीडिया पर कट्टा लहराने का वीडियो हुआ था वायरल
पुलिस के अनुसार, भगतसिंह वार्ड निवासी रितिक यादव (26) का सोशल मीडिया पर कट्टा लहराते हुए वीडियो वायरल होने की सूचना मिली थी। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस को जानकारी मिली कि रितिक बायपास पुलिया के पास किसी आपराधिक वारदात की फिराक में घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर संदिग्ध युवक की घेराबंदी की। तलाशी लेने पर उसकी कमर में 315 बोर का एक देशी कट्टा और जेब से दो खाली तथा एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास हथियार रखने का कोई वैध लाइसेंस नहीं था। बरामद हथियार एवं कारतूस की कीमत करीब 6 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है।
जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने पर दूसरी कार्रवाई
दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने शिवाजी वार्ड निवासी करन सोनकर (23) को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक सागर कलेक्टर द्वारा करन सोनकर के खिलाफ छह महीने के लिए जिला बदर का आदेश जारी किया गया था। आदेश के तहत उसे सागर सहित दमोह, छतरपुर, रायसेन, नरसिंहपुर, विदिशा, अशोकनगर और टीकमगढ़ जिलों की सीमाओं से बाहर रहने के निर्देश दिए गए थे। पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त 2026 को आरोपी को क्षेत्र में जिला बदर आदेश का उल्लंघन करते हुए घूमते पाया गया।
इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223(ए) और मध्य प्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 14 के तहत कार्रवाई की। बीना पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि अवैध हथियार रखने और जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
ये भी पढ़े – सागर में धूमधाम से निकली त्रिशाला बड़ी पूजा यात्रा, मातारानी के रथ के दर्शन को उमड़ा जनसैलाब
- sagar-bina-police-social-media-country-made-pistol-district-badar-accused-arrested









