
बुरहानपुर जिला पंचायत सभागार में वी.बी. रामजी योजना का शुभारंभ किया गया। इस दौरान केंद्रीय स्तर पर आयोजित कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा गया, जिसमें जिले के जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। कार्यक्रम में योजना के उद्देश्यों और प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया गया कि इसके तहत पात्र मजदूरों को वर्ष में 125 दिनों का रोजगार और प्रतिदिन 300 रुपये की मजदूरी उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है।




अधिकारियों ने कहा कि योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाना और श्रमिकों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है। कार्यक्रम में विधायक मंजू दादू, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रदीप पाटिल, जनपद उपाध्यक्ष आरती चौकसे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इस दौरान जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रदीप पाटिल ने आरोप लगाया कि पूर्व की व्यवस्था में भ्रष्टाचार के कारण योजनाओं का पूरा लाभ जरूरतमंदों तक नहीं पहुंच पाता था। उन्होंने दावा किया कि नई वी.बी. रामजी योजना अधिक पारदर्शी होगी और मजदूरों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
वहीं, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अजय रघुवंशी ने इस बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि यदि भ्रष्टाचार हुआ है तो उसकी जिम्मेदारी प्रदेश में लंबे समय से सत्ता में रही भाजपा सरकार की है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता स्वयं व्यवस्था में भ्रष्टाचार की बात स्वीकार कर रहे हैं, जिससे सरकार की जवाबदेही पर सवाल खड़े होते हैं।







