
गोंडा: जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 41 करोड़ 60 लाख रुपये मूल्य के मादक पदार्थों को नष्ट कर दिया। इस विशेष अभियान को “ऑपरेशन दहन” नाम दिया गया। जब्त किए गए नशीले पदार्थों को एक निजी चीनी मिल की भट्टी में जलाकर पूरी तरह नष्ट किया गया।
प्रशासन के अनुसार ये मादक पदार्थ किसी एक मामले से नहीं बल्कि एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज 898 अलग-अलग मामलों में बरामद किए गए थे। वर्षों के दौरान जिले के विभिन्न थानों द्वारा की गई कार्रवाई में जब्त किए गए इन मादक पदार्थों को कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद नष्ट करने का निर्णय लिया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक राधेश्याम राय ने बताया कि जिला ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में मैजापुर चीनी मिल में यह कार्रवाई संपन्न कराई गई। पूरी प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा मानकों और कानूनी दिशा-निर्देशों का विशेष ध्यान रखा गया। नशीले पदार्थों को मिल की भट्टी में डालकर पूरी तरह जलाया गया ताकि उनका दोबारा किसी भी प्रकार से उपयोग न हो सके।
पुलिस के अनुसार नष्ट किए गए मादक पदार्थों में सबसे अधिक मात्रा गांजे की थी, जिसका वजन 1285.7 किलोग्राम था। इसके अलावा 52.57 किलोग्राम चरस, 95.71 किलोग्राम डोडा, 6.1186 किलोग्राम स्मैक, 0.1136 किलोग्राम हेरोइन, 0.878 किलोग्राम अफीम और 0.045 किलोग्राम कोकीन भी शामिल थी। कुल मिलाकर 1511.763 किलोग्राम मादक पदार्थों को भट्टी में जलाकर नष्ट किया गया। प्रशासन का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाना और समाज को नशामुक्त बनाने के प्रयासों को मजबूत करना है। अधिकारियों ने इसे जिले में अब तक की सबसे बड़ी ड्रग डिस्पोजल कार्रवाइयों में से एक बताया है।
- operation-dahan-gonda-drugs-worth-rs-41-crore-destroyed-in-sugar-mill-furnace








