
सागर/मनीष कुमार चौबे की रिपोर्ट: जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिविल लाइन थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब सात माह पुराने शराब तस्करी के मामले में फरार चल रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता प्राप्त की। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार मामला 2 नवंबर 2025 का है, जब सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि जैसीनगर क्षेत्र से एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन में बड़ी मात्रा में अवैध शराब भरकर सागर लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने न्यू आरटीओ कार्यालय के सामने घाटी क्षेत्र में वाहन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस को देखकर वाहन में सवार आरोपी गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गए थे।
पुलिस ने स्कॉर्पियो की तलाशी लेने पर उसमें से 24 पेटी देशी शराब बरामद की थी। जब्त शराब की कीमत लगभग 1 लाख 48 हजार 800 रुपये आंकी गई थी। वहीं तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन की कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई। इस प्रकार पुलिस ने कुल 16 लाख 50 हजार रुपये मूल्य की अवैध शराब और वाहन जब्त किया था। मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
घटना के बाद आरोपी लगातार फरार चल रहे थे। विवेचना के दौरान पुलिस ने जैसीनगर रोड स्थित टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। मोबाइल लोकेशन और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस आरोपियों की पहचान तक पहुंची। 31 मई 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि मामले से जुड़े आरोपी क्षेत्र में मौजूद हैं। इसके बाद थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद सिंह ठाकुर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई। पुलिस ने दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में श्रीराम लोधी निवासी सिलारपुर, गौरझामर, गंगा प्रजापति निवासी पथरिया जाट, अंशुल साहू निवासी पथरिया जाट तथा वीरू उर्फ बीरेन्द्र यादव निवासी मैनपानी शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों से मामले के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त होने की बात कही जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद सिंह ठाकुर, उप निरीक्षक सुरेन्द्र, प्रधान आरक्षक सतीश बेन, प्रधान आरक्षक सौरभ रैकवार, आरक्षक हेमेंद्र, अंशुल मिश्रा, रामसिंह, कपिल सिंह, लक्ष्मी प्रसाद, विपिन, अजय एवं आशीष तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई को जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
- sagar-civil-lines-police-arrested-four-absconding-accused-of-illegal-liquor-smuggling








