
नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा (गौतमबुद्ध नगर) में प्रशासनिक स्तर पर एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। राष्ट्रीय महत्व के कार्य ‘जनगणना’ Census में घोर लापरवाही बरतने और अपनी ड्यूटी से नदारद रहने वाले कर्मचारियों पर प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। जनगणना कार्य में असहयोग करने और आदेशों की अवहेलना करने के आरोप में 92 शिक्षकों और सहायक अध्यापकों के खिलाफ जल्द ही एफआईआर FIR दर्ज कराने की पूरी तैयारी कर ली गई है।
प्रशासन द्वारा की जा रही इस सख्त कार्रवाई के दायरे में केवल शिक्षा विभाग ही नहीं, बल्कि कई अन्य विभाग भी शामिल हैं। मिली जानकारी के अनुसार, अपनी ड्यूटी ठीक से न निभाने वाले 43 आंगनबाड़ी कर्मचारियों के खिलाफ भी कड़ा एक्शन लिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, नोएडा प्राधिकरण के दोषी कर्मचारियों और अन्य विभिन्न सरकारी विभागों के करीब 30 कर्मचारियों को भी इस जांच और कार्रवाई के दायरे में लाया गया है, जिन पर जल्द ही मुकदमा दर्ज कराया जा सकता है।
वरिष्ठ अधिकारियों का साफ कहना है कि जनगणना जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण और अनिवार्य शासकीय कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही या असहयोग को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ड्यूटी ज्वाइन न करने या कार्य में बाधा डालने वाले सभी चिह्नित अधिकारी-कर्मचारियों को दोषी मानते हुए उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी और विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की अनुशासनहीनता न हो।
- noida-census-duty-negligence-fir-against-92-teachers-and-other-employees








