
गाडरवारा/शैलेन्द्र कुमार सोनी। गाडरवारा-तेंदूखेड़ा स्टेट हाईवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बन गई है। हादसे में एक युवक की मौत के बाद परिजन और ग्रामीण सड़क पर उतर आए तथा करीब दो घंटे से मार्ग जाम कर प्रदर्शन कर रहे हैं। घटना तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र के करौंदी और भामा गांव के बीच की बताई जा रही है, जहां तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक के शव के साथ सड़क पर बैठे परिजन
मृतक की पहचान 45 वर्षीय अमोल पटेल, निवासी ग्राम ग्वारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अमोल पटेल पशुओं का उपचार कर मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान गिट्टी से भरे एक तेज रफ्तार डंपर (एमपी 15 जेडएफ 8655) ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि अमोल पटेल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
जिला कलेक्टर को मौके पर बुलाने की मांग
प्रदर्शनकारियों की मांग है कि जिला कलेक्टर मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से चर्चा करें। परिजन मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने और सड़क चौड़ीकरण की दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनीता पटेल भी परिजनों के समर्थन में धरने पर बैठ गईं, जिसके बाद प्रदर्शन और तेज हो गया।
सड़क हादसों को लेकर लोगों में आक्रोश
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि सड़क की खराब स्थिति और भारी वाहनों की तेज रफ्तार हादसों का प्रमुख कारण बन रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और उग्र हो सकता है।
पुलिस और प्रशासन समझाइश में जुटा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों द्वारा प्रदर्शनकारियों को समझाने और यातायात बहाल कराने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई थीं।
अमोल पटेल की मौत के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश है। परिजन और ग्रामीण मुआवजा तथा सड़क सुरक्षा संबंधी मांगों को लेकर अड़े हुए हैं। अब सभी की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई और प्रदर्शन के समाधान पर टिकी हुई है।
ये भी पढ़े – सागर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: जुए के फड़ पर छापा, 8 आरोपी गिरफ्तार, ₹56 हजार से अधिक नगदी जब्त
- gadarwara-dumper-accident-highway-jam-protest-news









