
कासगंज: जिले के अमांपुर क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों और बिगड़ती यातायात व्यवस्था को लेकर प्रकाशित खबर के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए सोमवार को विशेष अभियान चलाया। जिलाधिकारी के निर्देश पर परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने अमांपुर मंडी मार्ग पर कार्रवाई करते हुए अनाधिकृत रूप से संचालित तीन ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को सीज कर दिया।
अधिकारियों के अनुसार मंडी मार्ग पर लगातार मिल रही शिकायतों और सड़क सुरक्षा संबंधी चिंताओं को देखते हुए अभियान चलाया गया। जांच के दौरान कई ट्रैक्टर-ट्रॉलियां निर्धारित क्षमता से अधिक अनाज लेकर संचालित होती मिलीं, जिनमें से तीन वाहनों के खिलाफ सीज की कार्रवाई की गई। प्रशासन का कहना है कि ओवरलोडिंग के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है। परिवहन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक जनवरी 2026 से अब तक ओवरलोडिंग और अन्य परिवहन नियमों के उल्लंघन के मामलों में कुल 62 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। इन मामलों में लगभग 18.60 लाख रुपये का जुर्माना वसूल कर सरकारी राजस्व में जमा कराया गया है।
कार्रवाई के बाद कृषि उत्पादन मंडी परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी आर. पी. मिश्रा और यातायात प्रभारी लक्ष्मण सिंह ने मंडी सचिव, पल्लेदारों, ट्रक यूनियन परिवहन और वाहन संचालकों के साथ चर्चा की। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अनाज परिवहन की आड़ में बड़े ट्रोलों में की जा रही ओवरलोडिंग को तत्काल रोका जाए। बैठक में बताया गया कि मक्का, गेहूं और अन्य कृषि उपज के परिवहन के दौरान कुछ वाहन संचालक निर्धारित मानकों का पालन नहीं कर रहे हैं। इससे अमांपुर मंडी मार्ग पर अक्सर जाम की स्थिति बनती है और आम नागरिकों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ जाती है। अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
प्रशासन ने मंडी परिसर में बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों की एंट्री पर भी रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। मंडी सचिव को कहा गया है कि केवल उन्हीं वाहनों को लोडिंग की अनुमति दी जाए जिन पर स्पष्ट रूप से वाहन संख्या अंकित हो और जिनमें माल निर्धारित मानकों के अनुरूप लोड किया गया हो। साथ ही गेट पास भी नियमों का पालन करने वाले वाहनों को ही जारी किए जाएं। अधिकारियों ने ट्रैक्टर और ट्रॉली संचालकों से नियमों का पालन करने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि भविष्य में भी अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सीज, चालान और अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मंडी समिति के प्रतिनिधि, ट्रक यूनियन पदाधिकारी और बड़ी संख्या में वाहन संचालक मौजूद रहे।
ये भी पढ़े – यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर एडीजी आगरा जोन का कासगंज दौरा, परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण
- amanpur-mandi-road-overloaded-tractor-trolleys-seized-after-administration-action-kashganj









