
टीकमगढ़।दित्यपाल राजपूत |टीकमगढ़ जिले के जतारा रजिस्ट्री कार्यालय पर एक बार फिर गंभीर आरोप लगे हैं। ग्राम पंचायत किटाखेरा के सरपंच ने रजिस्ट्रार अधिकारी पर रजिस्ट्री के नाम पर कथित रूप से 16 हजार रुपये रिश्वत मांगने और किसानों को परेशान करने का आरोप लगाया है। सरपंच ने पूरे मामले की शिकायत कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय से करते हुए निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
32 आर भूमि की रजिस्ट्री को लेकर विवाद
सरपंच के अनुसार, ग्राम पंचायत किटाखेरा की 32 आर भूमि की रजिस्ट्री कराई जानी थी, जो मुख्य सड़क से लगभग 300 से 400 फीट अंदर स्थित है। उनका आरोप है कि दस्तावेज रजिस्ट्रार के समक्ष प्रस्तुत करने पर अधिकारी ने कहा कि रजिस्ट्री सड़क पर स्थित भूमि के आधार पर ही होगी। सरपंच का कहना है कि उन्होंने स्थल निरीक्षण का आग्रह किया, लेकिन यह कहते हुए मना कर दिया गया कि भूमि की तरमीम नहीं हुई है।
16 हजार रुपये मांगने का आरोप
सरपंच का आरोप है कि बाद में रजिस्ट्री लेखक ने फोन पर बताया कि रजिस्ट्रार 16 हजार रुपये की मांग कर रही हैं। उन्होंने दावा किया कि इसके बाद रजिस्ट्री की राशि करीब 1.35 लाख रुपये से घटकर 93 हजार रुपये में पूरी हो गई। सरपंच ने यह भी कहा कि रजिस्ट्रार से हुई बातचीत का वीडियो उनके पास मौजूद है।
किसानों को हो रही परेशानी का दावा
सरपंच ने आरोप लगाया कि जतारा क्षेत्र के कई रजिस्ट्री लेखक भी संबंधित अधिकारी के कार्य व्यवहार से परेशान हैं। उनके अनुसार, प्रतिदिन 5 से 10 रजिस्ट्रियां टीकमगढ़ भेजी जाती हैं, जिससे किसानों और आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि लोगों पर कथित रूप से अतिरिक्त राशि देने का दबाव बनाया जाता है।
कलेक्टर से निष्पक्ष जांच की मांग
सरपंच ने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपों की सत्यता सामने लाने और दोषी पाए जाने पर संबंधित रजिस्ट्रार अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें जतारा से हटाने की मांग की है।
नोट: यह खबर शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। संबंधित रजिस्ट्रार अधिकारी या प्रशासन की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
यह भी पढ़े: https://brandwaani.in/bhind-83-health-workers-july-salary-withheld-negligence/
- jatara-registry-office-bribery-allegations-sarpanch-demands-collector-probe









