
सागर/मनीष कुमार चौबे की रिपोर्ट: मध्य प्रदेश के सागर जिले में पुलिस की सतर्कता और एक जागरूक नागरिक की जिम्मेदारी से एक बड़ा हादसा होने से टल गया। देर रात सुनसान सड़क पर अकेली भटक रही एक 14-15 वर्षीय नाबालिग बालिका को डायल-112 और एफआरवी (फर्स्ट रिस्पांस व्हीकल) की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। यह पूरी कार्रवाई सागर पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के तहत की गई, जिसमें बच्चों से जुड़े मामलों को संवेदनशीलता के साथ प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।
रात 3 बजे मिली थी सूचना
जानकारी के अनुसार, 18 जुलाई 2026 की दरमियानी रात करीब 03:01 बजे डायल-112 के राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम भोपाल को सूचना मिली कि सागर के निर्तला पेट्रोल पंप के पास एक नाबालिग लड़की सुनसान स्थान पर अकेली घूम रही है। सूचना मिलते ही भोपाल कंट्रोल रूम द्वारा इवेंट क्रमांक-0745 सागर पुलिस कंट्रोल रूम को भेजा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए खुरई क्षेत्र की एफआरवी-27 टीम को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया।
डरी हुई बच्ची को पुलिस ने दिया भरोसा
गश्त पर तैनात एफआरवी टीम कुछ ही समय में मौके पर पहुंची और बच्ची को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया। रात के अंधेरे में पुलिस को देखकर बालिका काफी घबरा गई थी। पुलिस टीम ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए पहले उसे भरोसा दिलाया और धैर्यपूर्वक बातचीत की। पुलिस के प्रयासों से बालिका ने अपने घर और परिजनों की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने तत्काल उसके पिता और भाई से संपर्क किया। एफआरवी टीम रात में ही बालिका को लेकर उसके गृह ग्राम बेरखेड़ी पहुंची और उसे सकुशल उसके परिजनों को सौंप दिया। अपनी बेटी को सुरक्षित देखकर परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू आ गए और उन्होंने सागर पुलिस की इस तत्पर कार्रवाई के लिए आभार जताया।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस रेस्क्यू ऑपरेशन में आरक्षक संजय कुमार (स्टाफ-770) ने बच्ची की काउंसलिंग कर उसे विश्वास में लिया, जबकि पायलट शिव कुमार दांगी ने तेजी से कार्रवाई करते हुए एफआरवी-27 को घटनास्थल तक पहुंचाया। वहीं सागर पुलिस कंट्रोल रूम ने सूचना के आदान-प्रदान और बेहतर समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जागरूक नागरिक की सूचना से बची मासूम की जिंदगी
सागर पुलिस ने बताया कि एक जागरूक नागरिक द्वारा समय पर डायल-112 को सूचना देने से यह कार्रवाई संभव हो सकी। पुलिस ने नागरिक की सजगता की सराहना करते हुए कहा कि जनता और पुलिस के बीच बेहतर तालमेल सुरक्षित समाज की नींव है।
पुलिस की अपील
सागर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई बच्चा या बच्ची असहाय, भटका हुआ, लावारिस या संदिग्ध परिस्थिति में दिखाई दे तो तुरंत डायल-112 पर सूचना दें। पुलिस ने कहा कि आपका एक छोटा सा प्रयास किसी मासूम की जिंदगी बचा सकता है और समाज को सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।
ये भी पढ़े – खिमलासा में पहली बार निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य महारथ यात्रा, जय जगन्नाथ के जयघोष से गूंजा पूरा नगर
- sagar-police-dial-112-rescues-minor-girl-found-alone-at-night-near-nirtala-petrol-pump








