
छतरपुर/अमित अवस्थी की रिपोर्ट: आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और अस्पतालों की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन लगातार सक्रिय है। कलेक्टर पार्थ जैसवाल के निर्देश पर एसडीएम राजललन बागरी ने शनिवार देर रात करीब 11 बजे जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। बिना पूर्व सूचना पहुंचे एसडीएम के निरीक्षण से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम बागरी ने अस्पताल की इमरजेंसी, मेडिसिन वार्ड, सर्जिकल वार्ड और पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने वार्डों में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से सीधे बातचीत कर उपचार, दवाओं की उपलब्धता, डॉक्टरों की मौजूदगी और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।
एसडीएम ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, वार्डों की व्यवस्था और रात्रिकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की भी समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद सिविल सर्जन को निर्देश दिए कि अस्पताल में 24 घंटे स्वच्छता बनाए रखी जाए तथा रात्रि ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी पूरी जिम्मेदारी के साथ अपनी सेवाएं दें, ताकि किसी भी मरीज को उपचार में परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर उपचार और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसडीएम राजललन बागरी ने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को लेकर गंभीर है और इसी उद्देश्य से अस्पतालों का औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि नियमित मॉनिटरिंग से व्यवस्थाओं में सुधार होगा और आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।
- chhatarpur-sdm-rajlalan-bagri-midnight-inspection-district-hospital








