
छतरपुर: जिले की बमनौरा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खेत से सिंचाई की पानी की मोटर चोरी करने वाले आरोपी को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब ₹25 हजार कीमत की 3 हॉर्स पावर की चोरी गई पानी की मोटर भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, थाना बमनौरा क्षेत्र के ग्राम मनकपुरा निवासी ग्यादीन यादव ने अपने खेत से सिंचाई में उपयोग होने वाली पानी की मोटर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर थाना बमनौरा में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान मिले सुरागों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने लखन यादव, पिता तुलसी यादव, निवासी ग्राम मनकपुरा, थाना बमनौरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उसके कब्जे से 3 हॉर्स पावर की पानी की मोटर, जिसकी अनुमानित कीमत ₹25 हजार है, बरामद कर ली। इसके बाद आरोपी के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले एवं एसडीओपी रोहित अलावा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक अभिषेक कुमार पांडेय, सहायक उप निरीक्षक के.एल. वर्मा, प्रधान आरक्षक राममिलन तथा आरक्षक कृष्ण प्रताप सिंह, सुरेंद्र रजक, उमाशंकर और विजय यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
- bamnaura-police-arrest-motor-theft-accused-water-pump-recovered








