
शिवपुरी/कुलदीप शर्मा की रिपोर्ट: जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर राष्ट्रीय राजमार्ग-46 पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। निहाल देवी मंदिर दर्शन के लिए जा रही श्रद्धालुओं से भरी एक कार अचानक सड़क पर आई गाय को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार में सवार 11 श्रद्धालुओं में से चार लोग घायल हो गए, जबकि दो युवकों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, हादसा कोलारस थाना क्षेत्र में चाइल्ड जोन स्कूल के पास हुआ। कार में सवार सभी श्रद्धालु कोलारस से निहाल देवी मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। रास्ते में अचानक एक गाय सड़क पर आ गई। चालक ने गाय को बचाने के लिए कार मोड़ी, लेकिन वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए कार में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों को कोलारस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल संदीप पुत्र मुन्ना कुशवाह (18) और बृजेश पुत्र उमेश कुशवाह (18), दोनों निवासी कोलारस, को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहीं दीपेश पुत्र कलुआ लोधी (21) और मयंक पुत्र माधो कुशवाह (27) को भी चोटें आईं, जिनका उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया। घायल दीपेश लोधी ने बताया कि हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन सभी श्रद्धालुओं की जान बच गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलने पर कोलारस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़े – नरवर किले से तोप चोरी मामले में बड़ी सफलता, शिवपुरी-राजस्थान पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपी गिरफ्तार
- shivpuri-car-overturns-while-saving-cow-four-injured-two-referred








