
छिंदवाड़ा/भरत चंडक की रिपोर्ट: शहर के कुंडीपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उनका जुलूस निकाला। गांधीगंज जैन मंदिर के पास एक कोचिंग सेंटर की आड़ में चल रहे जुआ फड़ पर एसपी स्क्वॉड ने छापामार कार्रवाई कर 14 जुआरियों को गिरफ्तार किया था।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर एसपी स्क्वॉड ने मौके पर दबिश दी थी। कार्रवाई के दौरान जुआ खेल रहे 14 लोगों को हिरासत में लिया गया। मौके से पुलिस ने 1 लाख 33 हजार 120 रुपये नकद, ताश के 52 पत्ते, 17 मोबाइल फोन, 2 चार पहिया वाहन और 6 मोटरसाइकिल जब्त की थीं।
पुलिस ने जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई है। कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। कुंडीपुरा थाना पुलिस ने जुआरियों को थाने से बाहर जुलूस के रूप में निकाला। पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई का उद्देश्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाना और अपराधियों में कानून का भय पैदा करना है। पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
ये भी पढ़े – छिंदवाड़ा में भाजपा पार्षद लोकेश डेहरिया का निधन, सड़क पर अचानक गिरने का CCTV वीडियो सामने आया
- chhindwara-police-action-gamblers-procession-coaching-centre-gambling-den-busted









