
शिवपुरी/कुलदीप शर्मा की रिपोर्ट: जिले के कोलारस कस्बे में 24-25 जुलाई की दरम्यानी रात 7 दुकानों और गुमटियों के ताले तोड़कर हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी गया सामान और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। वहीं, चोरी में शामिल उसका एक साथी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, कोलारस निवासी फरियादी वीरू खटीक, निवासी वार्ड क्रमांक-7 खटीक मोहल्ला, की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। एक साथ कई दुकानों में चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर एसडीओपी संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पुनीत बाजपेयी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की वारदात में शामिल आरोपी जगतपुर स्थित हनुमान मंदिर के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर इरफान खान (30 वर्ष), निवासी इंदिरा कॉलोनी, जगतपुर, कोलारस को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी मोनू धाकड़ के साथ मिलकर मीट मार्केट और आसपास की दुकानों के ताले तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया सामान और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस फरार आरोपी मोनू धाकड़ की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
ये भी पढ़े – शिवपुरी में नदी बनी खतरा: पानी भरते समय गड्ढे में फंसा ट्रैक्टर, किसान बाल-बाल बचा
- kolaras-police-solved-7-shop-theft-case-one-accused-arrested-shivpuri








