
दतिया/सेवढ़ा।संतोष चंसौलिया | सेवढ़ा विकासखंड में विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) का पद करीब एक माह से रिक्त होने के कारण जुलाई माह का वेतन शिक्षकों के खातों में नहीं पहुंच सका है। वित्तीय अधिकार (फाइनेंशियल पावर) नहीं होने से वेतन भुगतान की प्रक्रिया अटक गई है, जिससे शिक्षकों में नाराजगी और चिंता का माहौल है।
वित्तीय अधिकार नहीं होने से रुका वेतन
जानकारी के अनुसार, पूर्व बीईओ के स्थानांतरण के बाद अब तक नए अधिकारी की नियुक्ति नहीं हुई है। फिलहाल कार्यालय का प्रभार लिपिक विनोद खरे के पास है, लेकिन उनके पास वित्तीय अधिकार नहीं हैं। इसी वजह से जुलाई माह का वेतन जारी नहीं हो सका।
प्रशासनिक कार्य जारी, भुगतान प्रभावित
बीईओ का पद रिक्त होने के बावजूद विधानसभा एवं निर्वाचन कार्य, शिक्षकों के स्थानांतरण, क्रमोन्नति और अन्य प्रशासनिक कार्य नियमित रूप से किए जा रहे हैं। हालांकि, वित्तीय अधिकार के अभाव में केवल वेतन भुगतान प्रभावित हुआ है।
शिक्षक आर्थिक परेशानी से जूझ रहे
समय पर वेतन नहीं मिलने से शिक्षकों को बैंक ऋण की किस्त, बच्चों की स्कूल फीस और घरेलू खर्चों के भुगतान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। शिक्षकों का कहना है कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन प्रशासनिक व्यवस्था की कमी का असर उन पर पड़ रहा है।
जल्द समाधान की मांग
प्रभारी लिपिक विनोद खरे ने बताया कि जैसे ही किसी सक्षम अधिकारी को वित्तीय अधिकार मिलेंगे या नए बीईओ की नियुक्ति होगी, लंबित वेतन जारी कर दिया जाएगा। शिक्षकों ने शासन और शिक्षा विभाग से जल्द बीईओ की नियुक्ति या किसी अधिकारी को वित्तीय अधिकार देने की मांग की है।
यह भी पढ़े: प्रत्यक्ष छात्रसंघ चुनाव कराए सरकार, नहीं तो होगा प्रदेशव्यापी आंदोलन: एनएसयूआई
- sevdha-beo-post-vacant-july-salary-stuck-for-government-teachers








