
भिण्ड/रामपाल सिंह कुशवाह की रिपोर्ट: मध्यप्रदेश पर्यटन को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों को प्रदेश के पर्यटन स्थलों, संस्कृति, इतिहास एवं समृद्ध विरासत से परिचित कराने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पर्यटन क्विज प्रतियोगिता 2026 का जिला स्तरीय आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन नवल किशोर पातीराम शिवहरे नर्सिंग कॉलेज, भिण्ड में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत सीईओ श्री वीरसिंह चौहान, अपर कलेक्टर श्री राजन बी. नाड़िया, जिला शिक्षा अधिकारी श्री सुधांशु द्विवेदी एवं उत्कर्ष विद्यालय के प्राचार्य श्री पूरन सिंह चौहान ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
लिखित परीक्षा के बाद हुआ ऑडियो-वीडियो राउंड
प्रतियोगिता के लिए सुबह 9 बजे से पंजीयन प्रक्रिया शुरू हुई। इसके बाद सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक लिखित परीक्षा आयोजित की गई। लिखित परीक्षा के मूल्यांकन के बाद सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली 6 टीमों का चयन ऑडियो-वीडियो राउंड के लिए किया गया। चयनित टीमों के बीच दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक ऑडियो-वीडियो राउंड के माध्यम से क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने मध्यप्रदेश के पर्यटन, इतिहास, संस्कृति और प्रमुख स्थलों से जुड़े प्रश्नों के उत्तर देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इन स्कूलों ने हासिल किए स्थान
प्रथम स्थान — सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2, भिण्ड
द्वितीय स्थान — शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अकोड़ा
तृतीय स्थान — शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बरहद
चतुर्थ स्थान — सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मेहगांव
पंचम स्थान — द इंडियन पब्लिक स्कूल, दबोह
षष्ठम स्थान — सिटी सेंटर पब्लिक स्कूल, भिण्ड
विजेता विद्यार्थियों को मिलेगा पर्यटन भ्रमण का अवसर
क्विज मास्टर श्री सत्यभान सिंह भदौरिया ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले विजेता दलों को पर्यटन विभाग की ओर से तीन दिन और दो रात का निःशुल्क ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। वहीं चौथे, पांचवें और छठवें स्थान पर रहने वाले दलों को दो दिन और एक रात का पर्यटन भ्रमण कराया जाएगा।
प्रतियोगिता के मूल्यांकन एवं पर्यवेक्षण में कौस्तुभ रंजन, दिनेश भदौरिया, आशा बघेल, धीरज त्रिपाठी, राम सजीवन भारद्वाज, मीना ओझा, रेखा शर्मा, अखिल मेहरा, सुषमा सगर, रणजीत राणा, अर्चना शुक्ला, जितेंद्र भदौरिया, शिवकुमार यादव, गोविंद भदौरिया, नितेश दोहरे एवं इशरत खान की भूमिका रही। ऑडियो-वीडियो राउंड का स्कोर लक्ष्मी भदौरिया एवं सरिता कुशवाह ने संभाला, जबकि तकनीकी सहयोग कौशल शर्मा ने प्रदान किया।
रचनात्मक गतिविधियों में विद्यार्थियों की भागीदारी जरूरी: सीईओ
इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सीईओ श्री वीरसिंह चौहान ने कहा कि विद्यार्थियों को इस तरह की रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। ऐसी प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों के ज्ञान में वृद्धि होती है और उन्हें जीवन की परिस्थितियों का सामना करने का आत्मविश्वास भी मिलता है। कार्यक्रम में ग्वालियर पर्यटन विभाग से आए रविंद्र शर्मा, डीपीसी शिवब्रह्म सिंह जादौन तथा डीएटीसीसी कार्यालय के प्रबल श्रीवास्तव सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़े – भिण्ड में ब्रांडेड घी की दुकानों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, 53 लीटर घी जब्त
- mp-tourism-quiz-competition-2026-bhind-district-level-sandipani-school-winner








