
रीवा/अरविंद तिवारी की रिपोर्ट: विंध्य क्षेत्र के लिए 9 अगस्त का दिन हवाई कनेक्टिविटी के लिहाज से महत्वपूर्ण रहा। रीवा एयरपोर्ट से भोपाल और कोलकाता के लिए सीधी हवाई सेवाएं शुरू हो गई हैं। नई सेवाओं के शुभारंभ के अवसर पर रीवा एयरपोर्ट पर कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल स्वयं रीवा से विमान के जरिए भोपाल के लिए रवाना हुए।
रीवा से शुरू हुई नई हवाई सेवाएं 72 सीटर विमान के माध्यम से संचालित की जा रही हैं। भोपाल और रीवा के बीच सीधी उड़ान शुरू होने से विंध्य क्षेत्र के यात्रियों को राजधानी भोपाल तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी, वहीं कोलकाता से सीधी कनेक्टिविटी मिलने से पूर्वी भारत के प्रमुख शहरों तक आवागमन आसान होगा। उपलब्ध जानकारी के अनुसार भोपाल-रीवा हवाई सेवा सप्ताह में तीन दिन संचालित होगी।
रीवा एयरपोर्ट के शुरू होने के बाद क्षेत्र की हवाई कनेक्टिविटी में लगातार विस्तार हुआ है। दिल्ली के बाद रीवा को इंदौर और रायपुर से भी हवाई सेवा के माध्यम से जोड़ा गया और अब भोपाल तथा कोलकाता की कनेक्टिविटी भी शुरू हो गई है। उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल के अनुसार अब तक 35 हजार से अधिक यात्री रीवा एयरपोर्ट से हवाई यात्रा कर चुके हैं।
नई हवाई सेवाओं को विंध्य क्षेत्र के व्यापार, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बेहतर हवाई कनेक्टिविटी से स्थानीय कारोबारियों, विद्यार्थियों, पर्यटकों और आम यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है। रीवा एयरपोर्ट के विस्तार के साथ आने वाले समय में क्षेत्र को अन्य प्रमुख शहरों से जोड़ने की दिशा में भी प्रयास जारी हैं।
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि रीवा की हवाई कनेक्टिविटी लगातार विस्तार ले रही है और अब मुंबई को भी हवाई नेटवर्क से जोड़ना अगला लक्ष्य है। उन्होंने नई हवाई सेवाओं को विंध्य के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में व्यापार, निवेश, पर्यटन और रोजगार की संभावनाओं को नई गति मिलेगी।
रीवा से भोपाल और कोलकाता की सीधी उड़ान शुरू, विंध्य की हवाई कनेक्टिविटी को मिली नई उड़ान
नई उड़ानों के शुरू होने के साथ रीवा से संचालित होने वाली हवाई सेवाओं का दायरा और बढ़ गया है। इससे विंध्य क्षेत्र की देश के अन्य हिस्सों से कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ रीवा एयरपोर्ट क्षेत्रीय विकास के लिए एक महत्वपूर्ण परिवहन केंद्र के रूप में आगे बढ़ता दिखाई दे रहा है।
ये भी पढ़े – रीवा के सरकारी स्कूलों की खुली पोल, हिंदी नहीं पढ़ सके छात्र; कमिश्नर ने दिए सख्त निर्देश
- rewa-bhopal-kolkata-direct-flight-service-starts-air-connectivity









