
जबलपुर/शेख सिकंदर की रिपोर्ट: कृषि उपज मंडी के सामने स्थित एक बार एंड रेस्टोरेंट में काम करने वाली महिला कर्मचारी की चाकू मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने मृतका के परिजनों की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर आरोपी कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मेपल बार एंड रेस्टोरेंट में मुस्कान चौधरी, निवासी उड़ना पाटन, काम करती थी। उसके साथ रेस्टोरेंट की किचन में पवन बर्मन, निवासी बरगी, भी काम करता था। दोनों के बीच किसी बात को लेकर तत्कालिक विवाद हुआ।
थाना प्रभारी रितेश पांडे के मुताबिक घटना शाम करीब 5 से 5:30 बजे के बीच की है। विवाद के दौरान उत्तेजित होकर पवन बर्मन ने मुस्कान पर चाकू से वार कर दिया। हमले में मुस्कान गंभीर रूप से घायल हो गई। रेस्टोरेंट के कर्मचारियों ने उसे तत्काल इलाज के लिए मेडिकल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मृतका के परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पवन बर्मन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे तत्कालिक विवाद की बात सामने आई है। फिलहाल विवाद किस बात को लेकर हुआ था, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है।
किचन में करती थी काम
पुलिस अधिकारी के मुताबिक मृतका मुस्कान चौधरी उड़ना पाटन की रहने वाली थी और रेस्टोरेंट की किचन में काम करती थी। पुलिस को प्रारंभिक जानकारी मिली है कि वह वहां सफाई या बर्तन धोने से संबंधित काम करती थी, हालांकि उसके कार्य की सटीक प्रकृति की पुष्टि जांच के बाद होगी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
ये भी पढ़े – जबलपुर में धान परिवहन: 34 करोड़ के धान परिवहन मामले में HC सख्त
- jabalpur-maple-bar-restaurant-woman-employee-muskan-chaudhary-murder-accused-arrested









