
सागर: शुष्क दिवस के अवसर पर जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और विक्रय के खिलाफ आबकारी विभाग ने सघन कार्रवाई की। सहायक आबकारी आयुक्त कीर्ति दुबे के निर्देश पर आबकारी कंट्रोलर पूजा चंद्रन और मंडल प्रभारी अशोक दवे के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों का गठन कर सागर शहरी एवं आंतरिक क्षेत्र, बंडा, देवरी और रहली में गश्त एवं तलाशी अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान कुल 14 प्रकरण दर्ज किए गए।
अभियान के दौरान जिले की मदिरा दुकानों का निरीक्षण किया गया। सभी दुकानें सीलबंद अवस्था में बंद मिलीं। सागर के शहरी क्षेत्र में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत अवैध मदिरापान के खिलाफ वृत्त दक्षिण एवं उत्तर में दो प्रकरण दर्ज किए गए। बंडा वृत्त की प्रभारी रोशनी उरेती के नेतृत्व में सूचना के आधार पर विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर तलाशी ली गई। कार्रवाई के दौरान 5 प्रकरण दर्ज किए गए। टीम ने 95 पाव सागर गोल्ड व्हिस्की, 3 लीटर कच्ची मदिरा और 120 किलोग्राम लाहन जब्त किया।
वहीं देवरी एवं रहली वृत्त के प्रभारी मृत्युंजय ठाकुर के नेतृत्व में ग्राम खैराना, छिरारी और उमरा में कार्रवाई की गई। यहां मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत 4 प्रकरण दर्ज किए गए। पांच स्थानों पर तलाशी के दौरान कुल 75 पाव मदिरा जब्त की गई। आंतरिक वृत्त प्रभारी सियाराम चौधरी के नेतृत्व में भी अवैध मदिरा के खिलाफ कार्रवाई की गई, जिसमें 3 प्रकरण दर्ज किए गए। आबकारी विभाग के अनुसार पूरी कार्रवाई में कुल 38,945 रुपये बाजार मूल्य की मदिरा जब्त की गई है। विभाग ने कहा है कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और विक्रय के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
- sagar-excise-department-illegal-liquor-action-dry-day-14-cases-seized-38945-rupees-worth-liquor









