
शिवपुरी/कुलदीप शर्मा की रिपोर्ट: शहर के कमलागंज इलाके में शनिवार रात शराब दुकान पर दो युवकों ने जमकर हंगामा किया। दोनों युवक कथित तौर पर दुकान के अंदर घुस गए और वहां रखी शराब की बोतलें तोड़ दीं। करीब एक घंटे तक चले हंगामे के बाद मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लिया।
दुकान के बाहर धक्का-मुक्की के बाद अंदर घुसे
शनिवार रात करीब 9 बजे कमलागंज स्थित थीम रोड की शराब दुकान पर विवाद शुरू हुआ। कमलागंज निवासी रवि जाटव और अजय जाटव पहले दुकान के बाहर मौजूद लोगों से धक्का-मुक्की करने लगे। इसके बाद दोनों शराब दुकान के अंदर पहुंच गए। दुकान के भीतर भी दोनों ने कथित तौर पर जमकर उत्पात मचाया और वहां रखी शराब की बोतलों को तोड़ दिया। हंगामे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। काफी देर तक मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
पुलिस को हिरासत में लेने में करनी पड़ी मशक्कत
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में लेने का प्रयास किया। बताया गया कि दोनों युवकों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया, जिसके चलते उन्हें पुलिस वाहन में बैठाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में पुलिस दोनों को थाने लेकर पहुंची और मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
शराब दुकान संचालक ने नहीं दी शिकायत
घटना के संबंध में शराब दुकान संचालक या किसी अन्य व्यक्ति की ओर से पुलिस को कोई औपचारिक शिकायत नहीं दी गई। इसके बावजूद पुलिस ने सार्वजनिक शांति भंग करने के मामले में दोनों युवकों के खिलाफ शांति भंग की धाराओं के तहत कार्रवाई की। पुलिस ने कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को रविवार को एसडीएम न्यायालय में पेश किया। पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई है। मामले में आगे की कार्रवाई न्यायालय के निर्देशों के अनुसार होगी।
ये भी पढ़े – रक्षाबंधन पर पूर्व सरपंच गुल्ली पंडित ने क्षेत्र की सैकड़ों बहनों से बंधवाई राखी, सुरक्षा का दिया वचन
- shivpuri-kamalaganj-liquor-shop-two-youths-created-ruckus-broke-bottles-police-action








