
सार
गुना/ मोहित सोनी: जिले में लगातार हो रही तेज बारिश अब लोगों के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही है। झमाझम बारिश के बीच जर्जर भवनों और पुराने पेड़ों के गिरने का खतरा भी बढ़ गया है। इसी बीच कैंट पुलिस लाइन स्थित महिला एवं बाल विकास विभाग के शहरी परियोजना कार्यालय परिसर में एक विशालकाय पेड़ अचानक भवन के ऊपर जा गिरा। पेड़ गिरने से कार्यालय भवन का एक हिस्सा भरभराकर ढह गया।
विस्तार
हादसे के समय कार्यालय में अधिकारी, कर्मचारी या आमजन मौजूद नहीं थे। बताया जा रहा है कि शासकीय अवकाश होने के कारण कार्यालय बंद था। यही वजह रही कि पेड़ गिरने की घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शनिवार सुबह करीब 11 बजे अचानक तेज आवाज सुनाई दी। लोगों ने देखा कि परिसर में खड़ा विशाल पेड़ जड़ से उखड़कर कार्यालय भवन पर गिर गया। पेड़ की भारी शाखाओं ने भवन के कच्चे हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वह ढह गया।
पेड़ की बड़ी-बड़ी शाखाएं आसपास बने सरकारी क्वार्टरों तक जा पहुंचीं। इसके चलते कुछ सरकारी आवासों को भी नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी।
हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी व्यक्ति के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।
गुना जिले में पिछले कई दिनों से लगातार बारिश हो रही है। तेज बारिश के चलते शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में कई जगह जलभराव की स्थिति बन गई है। लगातार बारिश के कारण पुराने पेड़ों और कमजोर भवनों को भी खतरा बढ़ गया है।
महिला एवं बाल विकास कार्यालय पर पेड़ गिरने की घटना ने एक बार फिर ऐसे भवनों और पुराने पेड़ों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना की जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों को दे दी गई है। अब गिरे हुए पेड़ को हटाने और भवन को हुए नुकसान का आकलन किए जाने की प्रक्रिया की जाएगी। साथ ही आसपास मौजूद अन्य पुराने और कमजोर पेड़ों की स्थिति का भी निरीक्षण किया जाना जरूरी माना जा रहा है, ताकि बारिश के दौरान किसी और हादसे की आशंका को टाला जा सके।
- guna-heavy-rain-huge-tree-falls-on-women-child-development-office








