
सार
राजू सिंह राठौर| बुरहानपुर जिले के नेपानगर–सीवल मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में पहले से नाराजगी है। अब सड़क पर चल रहे पैचवर्क कार्य की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण के करीब डेढ़ वर्ष के भीतर ही मार्ग जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो गया और अब मरम्मत के नाम पर बिना मजबूत बेस तैयार किए पैचवर्क किया जा रहा है। ग्रामीणों ने PWD के वरिष्ठ अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर जांच कराने और निर्धारित मापदंडों के अनुसार कार्य कराने की मांग की है।
विस्तार
बुरहानपुर जिले के नेपानगर से सीवल मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीण लंबे समय से परेशान हैं। सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय स्तर पर सड़क की स्थिति को लेकर खबरें सामने आने के बाद PWD विभाग की ओर से पैचवर्क का काम शुरू कराया गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पैचवर्क का काम दूसरे ठेकेदार को सौंपे जाने के बावजूद मौके पर मरम्मत का कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप नहीं किया जा रहा है। उनका कहना है कि गड्ढों की ठीक से सफाई और नीचे मजबूत बेस तैयार किए बिना ही गिट्टी डालकर रोलर चलाया जा रहा है। इसके बाद डामर का मटेरियल डालकर पैचवर्क पूरा किया जा रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक सड़क की टिकाऊ मरम्मत के लिए सबसे पहले गड्ढों की सफाई, फिर उचित बेस तैयार करना और निर्धारित प्रक्रिया के तहत सामग्री डालकर रोलर से दबाव देना जरूरी है। उनका आरोप है कि यदि नीचे का बेस मजबूत नहीं होगा तो बारिश और वाहनों के दबाव के बाद कुछ ही समय में पैचवर्क उखड़ सकता है और सड़क दोबारा गड्ढों में तब्दील हो सकती है।
इस मामले में PWD की मॉनिटरिंग व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जब सड़क पर लाखों रुपये का मरम्मत कार्य चल रहा है, तब विभाग के जिम्मेदार अधिकारी या इंजीनियर मौके पर नियमित रूप से दिखाई नहीं दे रहे हैं। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि विभागीय अधिकारियों से संपर्क करने के लिए फोन लगाए जाने के बावजूद कई बार फोन रिसीव नहीं किए जाते।
PWD के उपलब्ध रिकॉर्ड में नेपानगर उपखंड के अंतर्गत सड़कों के रखरखाव से जुड़े कार्य दर्ज हैं। जून 2026 में सिवाल सेक्शन, नेपानगर उपखंड की विभिन्न सड़कों के रखरखाव के लिए करीब 19.90 लाख रुपये के अनुमानित मूल्य का कार्य भी दर्ज है।
ग्रामीणों ने PWD के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि नेपानगर–सीवल मार्ग पर चल रहे पैचवर्क कार्य की मौके पर पहुंचकर जांच की जाए। उनका कहना है कि सड़क की मरम्मत निर्धारित तकनीकी मापदंडों के अनुसार कराई जाए और यदि जांच में घटिया सामग्री के इस्तेमाल या कार्य में लापरवाही की पुष्टि होती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क का पैचवर्क केवल गड्ढों को भरने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि ऐसी मरम्मत होनी चाहिए जो लंबे समय तक टिक सके। अब ग्रामीणों की शिकायत के बाद यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि PWD विभाग मौके पर पहुंचकर पैचवर्क की गुणवत्ता की जांच करता है या नहीं और यदि कमियां सामने आती हैं तो उन्हें दूर कराने के लिए क्या कार्रवाई की जाती है।
ये भी पढ़े – नेपाल में बाढ़ त्रासदी के 13वें दिन राष्ट्रीय शोक, 1340 से ज्यादा मौतें; करीब 5000 लोग अब भी लापता
- nepanagar-siwan-road-patchwork-quality-pwd-complaint-burhanpur









