
सार
दमोह/ आकिब खान: जिले के पथरिया थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंचे पुलिसकर्मी के साथ कथित गाली-गलौज और अभद्रता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला गरमा गया है। वायरल वीडियो में एक ढाबा संचालक पथरिया थाने में पदस्थ एसआई संजू सैयाम के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करता नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
विस्तार
वायरल वीडियो पथरिया थाना क्षेत्र के सदगुआ स्थित कक्कू ढाबा का बताया जा रहा है। ढाबे का संचालन हरिगोविंद पटेल द्वारा किया जाता है। जानकारी के मुताबिक वीडियो करीब पांच दिन पुराना है, जो रविवार शाम सोशल मीडिया पर सामने आया।
बताया जा रहा है कि पुलिस को ढाबे पर अवैध रूप से शराब बेचे जाने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद एसआई संजू सैयाम एक आरक्षक के साथ मौके पर पहुंचे थे।
पुलिस के मुताबिक कार्रवाई के दौरान ढाबा संचालक और एसआई के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान कथित तौर पर ढाबा संचालक ने एसआई के साथ गाली-गलौज और अभद्रता की।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में ढाबा संचालक पुलिस अधिकारी से यह कहते हुए भी दिखाई दे रहा है कि वह खुद शराब के नशे में है और शराब पकड़ने कैसे आया है। वहीं वीडियो में एसआई की ओर से कहा जा रहा है कि ढाबा संचालक के पास शराब बेचने का लाइसेंस नहीं है और इसके बावजूद अवैध रूप से शराब का विक्रय किया जा रहा है।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया है। एडिशनल एसपी सुजीत सिंह भदौरिया ने मामले में जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस टीम के साथ हुए विवाद और कथित गाली-गलौज की घटना की जांच एसडीओपी पथरिया को सौंपी गई है।
एडिशनल एसपी सुजीत सिंह भदौरिया के मुताबिक वीडियो सामने आने के बाद आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट और धारा 151 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि एसआई संजू सैयाम की ओर से फिलहाल अलग से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
पुलिस अब वायरल वीडियो और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि विवाद के दौरान वास्तव में क्या हुआ था और मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाती है।
- damoh-pathariya-si-abused-by-dhaba-operator-during-illegal-liquor-action-video-viral








