
सार
पिछोर/ रानू परिहार: अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ शिवपुरी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में पिछोर अनुविभाग में पुलिस, प्रशासन और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने दो अलग-अलग गांवों में छापेमारी कर कच्ची शराब बनाने के अवैध ठिकानों का खुलासा किया। टीम ने कार्रवाई के दौरान करीब 2000 लीटर लहान मौके पर नष्ट किया, जबकि 510 लीटर हाथ भट्टी से निर्मित कच्ची शराब जब्त की गई। कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया।
विस्तार
पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सालौरा में खेत के अंदर हाथ भट्टी से कच्ची शराब का निर्माण और बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही पिछोर थाना पुलिस की टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी।
टीम को रोहित उर्फ भूरा लोधी के खेत में आठ बड़े नीले प्लास्टिक ड्रम मिले, जिनमें शराब बनाने के लिए तैयार किया गया करीब 1500 लीटर लहान भरा हुआ था। पुलिस ने मौके पर ही लहान को नष्ट कर दिया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई है।
इसी दौरान खेत में रखे तीन अन्य प्लास्टिक ड्रमों की तलाशी लेने पर उनमें करीब 450 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 45 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस को देखकर आरोपी रोहित उर्फ भूरा लोधी मौके से फरार हो गया। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
इसके बाद संयुक्त टीम ने ग्राम करारखेड़ा में हेडर चौहान उर्फ प्रहलाद चौहान के खेत पर दबिश दी। यहां तीन प्लास्टिक ड्रमों में करीब 500 लीटर लहान मिला, जिसे टीम ने मौके पर ही नष्ट कर दिया।
वहीं तलाशी के दौरान एक प्लास्टिक की कंटी में करीब 60 लीटर हाथ भट्टी निर्मित कच्ची शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ भी आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
संयुक्त कार्रवाई में कुल करीब 2000 लीटर लहान नष्ट किया गया। इसके अलावा तीन ड्रमों से 450 लीटर और प्लास्टिक कंटी से 60 लीटर, यानी कुल 510 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक जब्त और नष्ट की गई सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 51,500 रुपये है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शिवपुरी श्रीमती योगेन्द्र डोलेकर भूरिया के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामदास प्रजापति के मार्गदर्शन और एसडीओपी पिछोर संजय मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस, प्रशासन और आबकारी विभाग की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। अवैध शराब के अड्डों और कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
- Pichhore Illegal Liquor Raid 510 Litres Country Liquor Seized








