
सार:
टीकमगढ़/ धर्मेंद्र सिंह लोधी: टीकमगढ़ जिले में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 प्रकरण दर्ज किए हैं। जतारा क्षेत्र के कई गांवों में दबिश के दौरान टीम ने 91 पाव देशी शराब, 3 बीयर, 50 लीटर कच्ची शराब और 500 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया। आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
विस्तार:
सात गांवों में आबकारी टीम की दबिश
टीकमगढ़ जिले में अवैध मदिरा के विक्रय, संग्रहण और परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग का अभियान जारी है। कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय के निर्देश पर शनिवार को विभाग की टीम ने जतारा क्षेत्र के कई गांवों में एक साथ दबिश देकर अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की।
आबकारी विभाग की टीम ने सिकंदरा, अर्चरा, मोहनगढ़, गोपालपुरा, गौर, पटनापुर और मस्तापुर में कार्रवाई की। अलग-अलग स्थानों पर हुई जांच के दौरान अवैध रूप से रखी गई देशी-विदेशी शराब, कच्ची शराब और महुआ लाहन बरामद किया गया।
6 प्रकरण दर्ज, शराब और लाहन जब्त
कार्रवाई के दौरान आरोपियों अजुद्धि केवट, अंकुश यादव और रामलाल कुशवाहा के कब्जे से अवैध मदिरा बरामद की गई। आबकारी विभाग ने कुल 6 प्रकरण पंजीबद्ध किए हैं।
विभाग के अनुसार कार्रवाई में 91 पाव देशी शराब, 3 बीयर, 50 लीटर कच्ची शराब और 500 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया। महुआ लाहन का इस्तेमाल कच्ची शराब बनाने में किया जाता है।
आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई
आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) एवं 34(1)(च) के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं। विभाग की ओर से आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग की ओर से क्षेत्र में लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण और बिक्री से जुड़े मामलों में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
अधिकारियों के निर्देशन में चला अभियान
यह कार्रवाई जिला आबकारी अधिकारी नरेश प्रताप सिंह के निर्देशन और सहायक जिला आबकारी अधिकारी मधुसूदन दीवान के नेतृत्व में की गई। अभियान में आबकारी वृत्त प्रभारी जतारा तलत फैज़ी, आबकारी वृत्त प्रभारी टीकमगढ़ विजय कुमार, आबकारी मुख्य आरक्षक वीरेंद्र, आरक्षक सतीश और सैनिक पी.एन. अहिरवार सहित आबकारी अमला शामिल रहा।
अवैध शराब के खिलाफ हुई इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध मदिरा कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है। विभाग का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
- Tikamgarh-Excise-Department-Action-Illegal-Liquor-Six-Cases-Registered








