
मंत्रालय में सचिव स्तर की एक युवा IAS मैडम के तबादला प्रस्ताव का पूरा गणित ही पलट गया। मैडम ने अफसरों की तबादला सूची अनुमोदन के लिए सरकार के पास भेजी थी, लेकिन इसी बीच कथित लेनदेन को लेकर शिकायत पांचवें फ्लोर तक पहुंच गई। शिकायत के साथ एक सीडी होने की बात भी सामने आई, जिसमें कथित तौर पर मैडम के नाम का जिक्र बताया जा रहा है। मामला ऊपर तक पहुंचते ही सरकार ने पहले मैडम के खास लोगों की जिम्मेदारी सौंपने और तबादला सूची पर भी रोक लगा दी।
इसके बाद जब सूची फिर से तैयार हुई, तो उसमें पदस्थापना का पूरा गणित बदल गया। जिन अफसरों के नाम और जिन जिलों में उनकी पोस्टिंग तय मानी जा रही थी, नई सूची में उनके समीकरण ही बदल गए। मामला तबादला सूची तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सूची में किए गए बदलावों से प्रभावित अफसरों की पदस्थापना को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गईं। इस पूरे घटनाक्रम में कथित लेनदेन की शिकायत और सीडी का जिक्र अहम बताया गया है, हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।
अब दिलचस्प मोड़ यह है कि सूची में बदलाव से प्रभावित अफसरों को अपनी पसंद की पदस्थापना के लिए फिर से मशक्कत करनी पड़ सकती है। ऐसे में मैडम के दफ्तर के चक्कर बढ़ने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। मंत्रालय में इस पूरे घटनाक्रम ने तबादला सूची और उसके अनुमोदन की प्रक्रिया को लेकर चर्चा बढ़ा दी है। अब चुनौती सिर्फ बदली हुई सूची नहीं, बल्कि शिकायतों की जांच और उसके बाद उठने वाले सवाल भी हैं।
- ias-madam-transfer-list-government-setback








