
करीब सवा साल बाद रिटायर होने जा रहे एक एडिशनल एसपी साहब के मन में इन दिनों वर्दी उतारकर सियासत की पिच पर उतरने का ख्याल जोर मार रहा है। अब तक पुलिस महकमे में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे साहब को अचानक विधानसभा चुनाव में अपनी किस्मत आजमाने का रास्ता नजर आने लगा है। दिलचस्प बात यह है कि इस राजनीतिक महत्वाकांक्षा के पीछे कोई लंबी राजनीतिक रणनीति नहीं, बल्कि एक वायरल वीडियो की भूमिका बताई जा रही है। दरअसल, साहब जिस जिले में पदस्थ हैं, वहां के विधायक जी ने एक सार्वजनिक मौके पर उनकी चरण वंदना कर दी। किसी ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। बस फिर क्या था, वीडियो वायरल होते ही साहब के चाहने वालों और मित्रों ने उनकी लोकप्रियता के कसीदे पढ़ना शुरू कर दिए।
किसी ने सलाह दी कि साहब को अगला विधानसभा चुनाव लड़ना चाहिए, तो किसी ने यहां तक कह दिया कि उनकी लोकप्रियता के सामने बड़े-बड़े राजनीतिक दिग्गजों को भी पसीना आ सकता है। साहब को यह भी समझाया गया कि वे जिस समाज से आते हैं, उसका इलाके में अच्छा-खासा वोटबैंक है। अगर समाज का समर्थन मिल गया तो चुनावी राह आसान हो सकती है। विधायक जी की चरण वंदना वाले वीडियो को भी उनकी लोकप्रियता का प्रमाण बताकर पेश किया जाने लगा। कल तक जो लोग साहब को पुलिस की वर्दी में देखने के आदी थे, वे अब उन्हें विधानसभा के मंच पर देखने के सपने दिखाने लगे हैं। अब इन सलाहों का असर साहब पर कितना हुआ है, यह तो आने वाला वक्त बताएगा।
लेकिन इतना जरूर है कि रिटायरमेंट से पहले ही साहब के मन में नई पारी खेलने की इच्छा जाग गई है। पुलिस की नौकरी में अब गिनती के महीने बचे हैं और इधर समर्थकों ने चुनावी तैयारी का सपना दिखाना शुरू कर दिया है। साहब के लिए अब अगला सवाल पोस्टिंग का नहीं, बल्कि चुनावी टिकट का होने वाला है। विधायक जी की चरण वंदना से शुरू हुई चर्चा अब उनकी राजनीतिक महत्वाकांक्षा तक पहुंच गई है। आने वाले समय में साहब की यह इच्छा किस दिशा में आगे बढ़ती है, यह देखना दिलचस्प होगा।
- additional-sp-election-political-ambition








