
रतलाम। जिले में अवैध शराब के परिवहन और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रावटी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो नियो वाहन से 10 पेटी अवैध शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया। जब्त शराब और वाहन की कुल कीमत करीब 9.34 लाख रुपये बताई गई है। कार्रवाई 4 और 5 नवंबर 2026 की दरमियानी रात चैनपुरा फंटा, रतलाम रोड पर की गई।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रोकी बोलेरो
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर जिले में शराब तस्करी और अवैध परिवहन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो और एसडीओपी सैलाना आईपीएस लेखराज मीणा के निर्देशन में रावटी थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष डावर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर चैनपुरा फंटा रतलाम रोड पर घेराबंदी की गई। इस दौरान रतलाम रोड की ओर से आ रही सफेद रंग की बोलेरो नियो कार को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में दो व्यक्ति सवार थे।
वाहन से मिली बीयर और प्लेन शराब की 10 पेटियां
पूछताछ में वाहन सवारों की पहचान नंदकिशोर गुप्ता (32), निवासी कजरू खुर्द, जिला पलामू, झारखंड और संजय पोरवाल (34), निवासी ईश्वरनगर, रतलाम के रूप में हुई।
पंचों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी लेने पर पीछे की डिग्गी से माउंट कंपनी की बीयर की 7 पेटियां और प्लेन मदिरा के क्वार्टर की 3 पेटियां मिलीं। पुलिस के मुताबिक, दोनों के पास शराब के परिवहन से संबंधित लाइसेंस या परमिट नहीं था। इसके बाद पुलिस ने शराब और परिवहन में इस्तेमाल बोलेरो नियो वाहन जब्त कर लिया।
9.34 लाख रुपये का मशरूका जब्त
पुलिस ने कुल 10 पेटी शराब की कीमत 34,320 रुपये बताई है। वहीं, बोलेरो नियो वाहन की अनुमानित कीमत 9 लाख रुपये है। इस तरह जब्त सामग्री का कुल मूल्य करीब 9,34,320 रुपये बताया गया है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
कार्रवाई में रावटी थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष डावर के साथ प्रधान आरक्षक राजेश बख्शी, आरक्षक बहादुर दांगी, अवधेश सिंह परमार, राकेश निनामा और थाने की पुलिस टीम की भूमिका रही।
- ratlam-rawti-police-illegal-liquor-seizure-two-arrested








