
सार
कुलदीप शर्मा|इंदौर में आयोजित ‘एजुकेशन डायलॉग – बेहतर शिक्षा के नए विचार’ कार्यक्रम में अशोकनगर जिले में शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों और डिजिटल पहलों की विशेष चर्चा हुई। जिले की ओर से जिला शिक्षा अधिकारी मधु शर्मा ने शैक्षिक नवाचारों और आगामी योजनाओं का प्रस्तुतिकरण किया। उन्होंने डिजिटल तकनीक के जरिए शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी और व्यवस्थित बनाने के लिए विकसित किए जा रहे ऐप सिस्टम सहित अन्य पहलों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अशोकनगर के शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों और नवाचारों की सराहना की।
विस्तार
अशोकनगर। शिक्षा के क्षेत्र में नवाचारों और तकनीकी पहलों को नई दिशा देने के उद्देश्य से इंदौर में ‘एजुकेशन डायलॉग – बेहतर शिक्षा के नए विचार’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों के स्कूलों में किए जा रहे नवाचारों, तकनीकी पहलों और भविष्य की योजनाओं को साझा किया गया। कार्यक्रम में अशोकनगर जिले के शिक्षा मॉडल और डिजिटल पहलों की भी विशेष चर्चा हुई।
अशोकनगर जिले की ओर से जिला शिक्षा अधिकारी मधु शर्मा ने शैक्षिक नवाचारों और आगामी योजनाओं का प्रस्तुतिकरण किया। उन्होंने जिले में शिक्षा व्यवस्था को तकनीक से जोड़ने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी और बताया कि डिजिटल संसाधनों के माध्यम से शैक्षिक गतिविधियों को अधिक प्रभावी, सुगम और व्यवस्थित बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
मधु शर्मा ने जिले में विकसित किए जा रहे ऐप सिस्टम का भी उल्लेख किया। इसके माध्यम से शैक्षिक गतिविधियों और संबंधित प्रक्रियाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़कर व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। उनका जोर तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल के साथ विद्यार्थियों की शैक्षिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता बढ़ाने पर रहा।
संवाद के दौरान शिक्षा में तकनीक के बढ़ते महत्व, डिजिटल संसाधनों के बेहतर उपयोग, नवाचार आधारित शिक्षण और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी जैसे विषयों पर चर्चा हुई। अशोकनगर में डिजिटल तकनीक के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था को व्यवस्थित करने की पहल को शिक्षा के आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास के रूप में प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अशोकनगर जिले में शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों और नवाचारों की सराहना की। उन्होंने इन पहलों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री की ओर से जिले की शैक्षिक पहलों की सराहना को शिक्षा विभाग के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। कार्यक्रम में सहायक संचालक एनिश जैन, सांदीपनी विद्यालय अशोकनगर से अंकित जैन तथा पीएम श्री गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल मुंगावली से सृष्टि हरदिया भी उपस्थित रहे।
‘एजुकेशन डायलॉग’ का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे सफल नवाचारों को साझा करना और तकनीकी संसाधनों के बेहतर उपयोग के जरिए विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए नए विचारों को आगे बढ़ाना रहा। अशोकनगर की डिजिटल पहल की प्रस्तुति और मुख्यमंत्री की सराहना से जिले के शिक्षा विभाग में इन नवाचारों को लेकर उत्साह बढ़ा है।
ये भी पढ़े – 21 साल के ‘बिट्टू तबाही’ ने संभाला प्रदूषित नदी को साफ करने का बीड़ा, हाथों से सफाई कर बना मिसाल
- ashokenagar-education-model-digital-innovation-madhu-sharma-education-dialogue









