अटरेटा पंचायत में विकास कार्यों पर सवाल, गौशाला से सड़क निर्माण तक ग्रामीणों ने लगाए अनियमितता के आरोप

अटरेटा, दतिया/संतोष चंसौलिया की रिपोर्ट: ग्राम पंचायत अटरेटा में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और विकास कार्यों को लेकर ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों ने गौशाला के संचालन, बहादुरपुर मार्ग से अटरेटा गांव की ओर सुदूर संपर्क सड़क निर्माण कार्य और पंचायत भवन के सामने जलभराव एवं कीचड़ की समस्या को लेकर पंचायत प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि, पंचायत प्रतिनिधि ने आरोपों को खारिज करते हुए विकास कार्य संचालित होने की बात कही है।

गौशाला को लेकर ग्रामीणों ने उठाए सवाल

ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत की गौशाला पिछले कई महीनों से खाली पड़ी है। उनके अनुसार मौके पर नियमित रूप से गोवंश, पर्याप्त चारा और पानी की व्यवस्था दिखाई नहीं देती। ग्रामीणों ने दावा किया कि इसके बावजूद गौशाला के रखरखाव, चारे और अन्य व्यवस्थाओं के नाम पर सरकारी राशि खर्च की जा रही है।

ग्रामीणों ने मांग की है कि गौशाला में दर्ज गोवंश की संख्या, चारा-पानी की व्यवस्था और खर्च की गई राशि की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके। हालांकि, ब्लॉक पशु चिकित्सा अधिकारी प्रेम नारायण जाटव ने बताया कि उनका निरीक्षण चक्र आठ दिनों का रहता है। उन्होंने कहा कि पिछली बार 12 जुलाई को निरीक्षण के दौरान गौशाला में लगभग 50 गोवंश मिले थे। अब मामला संज्ञान में आने के बाद वे दोबारा गौशाला का निरीक्षण करेंगे और वास्तविक स्थिति के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं सरपंच पति ने ग्रामीणों के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि गौशाला में गोवंश रहते हैं। दिन में उन्हें चरने के लिए छोड़ा जाता है और शाम को वापस गौशाला में लाया जाता है।

सुदूर संपर्क सड़क निर्माण पर भी उठे सवाल

ग्रामीणों ने बहादुरपुर मार्ग से अटरेटा गांव की ओर सुदूर संपर्क सड़क निर्माण कार्य को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि सरकारी पोर्टल पर मजदूरों की उपस्थिति दर्ज दिखाई देती है, लेकिन मौके पर नियमित रूप से काम होता नजर नहीं आता।  ग्रामीणों ने मांग की है कि पोर्टल पर दर्ज उपस्थिति और मौके की वास्तविक स्थिति का मिलान कर जांच की जाए। यदि दोनों में अंतर मिलता है तो जिम्मेदार लोगों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। सरपंच पति ने इस आरोप को भी खारिज करते हुए कहा कि सड़क निर्माण कार्य में मजदूर लगाए गए हैं और काम कराया जा रहा है।

पंचायत भवन के सामने जलभराव से ग्रामीण परेशान

ग्राम पंचायत भवन के सामने मुख्य सड़क पर बारिश के बाद जलभराव और कीचड़ की समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार पंचायत भवन के सामने से निकलने वाला नाला भी मलबे से भरा हुआ है, जिससे पानी की निकासी प्रभावित हो रही है। जलभराव और कीचड़ के कारण राहगीरों, स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने नाले की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।

ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप

ग्रामीण राम हुजूर ने कहा कि उन्हें कई महीनों से गौशाला में गोवंश दिखाई नहीं दिए और बहादुरपुर मार्ग की ओर सड़क निर्माण कार्य भी होता नजर नहीं आता। उन्होंने पंचायत भवन के सामने जलभराव और नाले में भरे मलबे की समस्या का भी उल्लेख किया। वहीं ग्रामीण बंसीलाल ने आरोप लगाया कि पंचायत में कई काम केवल कागजों में संचालित किए जा रहे हैं और जमीनी स्थिति अलग है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

जनपद सीईओ ने जांच के दिए निर्देश

मामले में जनपद पंचायत सीईओ अशोक शर्मा ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पत्र जारी कर मौके का निरीक्षण कराने की बात कही है। सीईओ के अनुसार जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सड़क निर्माण कार्य को लेकर उन्होंने कहा कि उनकी जानकारी के अनुसार यह काम पहले ही बंद हो चुका है। यदि वर्तमान में भी काम संचालित होने की बात सामने आती है तो इसकी भी जांच कराई जाएगी। अब ग्रामीणों की शिकायतों के बाद प्रशासनिक जांच में गौशाला, सड़क निर्माण कार्य और पंचायत भवन के सामने जलभराव की वास्तविक स्थिति क्या सामने आती है, इस पर नजर बनी हुई है।

ये भी पढ़े – सेवढ़ा में नशा मुक्ति संगोष्ठी: युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश, प्राचार्य की कविताओं ने बांधा समां

 

  • atreta-gram-panchayat-development-work-irregularities-gaushala-road-construction-datia
  • Rashel Kachwah Rajput

    Rashel Kachwah Rajput

    14+ वर्षों का अनुभव। हर दिन, पल-पल की खबरों के साथ। निष्पक्ष व भरोसेमंद रिपोर्टिंग, हर खबर की गहराई तक पहुँचने का प्रयास। सच्ची पत्रकारिता, आपके भरोसे के साथ।

    Related Posts

    ऐचवाड़ा राधाकृष्ण मंदिर ट्रस्ट में विवाद गहराया, पुजारी परिवार को गांव से निकालने और आभूषण नहीं सौंपने के आरोप

    शिवपुरी/ कुलदीप शर्मा: शिवपुरी के पोहरी क्षेत्र के ऐचवाड़ा…

    जमीनी विवाद में घर में घुसकर जानलेवा हमला और लूट का आरोप, SP से कार्रवाई की गुहार

    शिवपुरी/ कुलदीप शर्मा: शिवपुरी के बामौरकलां थाना क्षेत्र के…

    You Missed

    यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में 6 देशों की कंपनियां, 25 सितंबर से ग्रेटर नोएडा में लगेगा कारोबार का बड़ा मंच

    यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में 6 देशों की कंपनियां, 25 सितंबर से ग्रेटर नोएडा में लगेगा कारोबार का बड़ा मंच

    सेवा संकल्प बाइक राइडर्स से PM मोदी का संवाद, 35.42 लाख हितग्राहियों को मिले ₹212.57 करोड़

    सेवा संकल्प बाइक राइडर्स से PM मोदी का संवाद, 35.42 लाख हितग्राहियों को मिले ₹212.57 करोड़

    उज्जैन में 105 साल पुरानी परंपरा का भव्य नजारा, फूलडोल में दिखा शौर्य और कृष्ण लीला

    उज्जैन में 105 साल पुरानी परंपरा का भव्य नजारा, फूलडोल में दिखा शौर्य और कृष्ण लीला

    भोपाल में गरबा को लेकर सियासी घमासान, रामेश्वर शर्मा के बयान पर आरिफ मसूद का पलटवार

    भोपाल में गरबा को लेकर सियासी घमासान, रामेश्वर शर्मा के बयान पर आरिफ मसूद का पलटवार

    राहुल गांधी के इंदौर कार्यक्रम में PM मोदी की मिमिक्री पर विवाद, BJP ने कांग्रेस पर साधा निशाना

    राहुल गांधी के इंदौर कार्यक्रम में PM मोदी की मिमिक्री पर विवाद, BJP ने कांग्रेस पर साधा निशाना