
सार
मोहित सोनी| दमोह जिले के बटियागढ़ थाना क्षेत्र में कथित अवैध शराब बिक्री के खिलाफ महिलाओं ने मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को महिलाओं ने थाना प्रभारी रजनी शुक्ला को आवेदन सौंपकर क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने, संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाने और शराब के नशे में उपद्रव करने वालों पर कार्रवाई की मांग की। महिलाओं ने बस स्टैंड के पास संचालित शराब दुकान को भी दूसरी जगह स्थानांतरित करने की मांग उठाई है। पांच दिन में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
विस्तार
दमोह जिले के बटियागढ़ थाना क्षेत्र के आसपास के गांवों में कथित अवैध शराब बिक्री के खिलाफ महिलाओं ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। मंगलवार दोपहर महिलाओं ने बटियागढ़ थाना प्रभारी रजनी शुक्ला को आवेदन सौंपकर क्षेत्र में अवैध रूप से शराब बेचने वालों पर कार्रवाई करने की मांग की।
आवेदन में ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री बढ़ने से आए दिन विवाद की स्थिति बनती है। महिलाओं का कहना है कि शराब के कारण परिवारों और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने पुलिस से ऐसे स्थानों को चिन्हित कर अवैध शराब बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की।
महिलाओं ने मुख्य बस स्टैंड के पास संचालित शराब दुकान को हटाकर किसी अन्य स्थान पर संचालित कराने की मांग भी की। उनका कहना है कि बस स्टैंड पर यात्रियों और आम नागरिकों का लगातार आना-जाना रहता है। शराब दुकान के आसपास नशे में रहने वाले लोगों के कारण यात्रियों, विशेषकर महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की गश्त बढ़ाने और शराब के नशे में उपद्रव करने वालों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि पांच दिन के भीतर उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगी।
बटियागढ़ थाना प्रभारी रजनी शुक्ला ने बताया कि हाल ही में सागर जिले में संदिग्ध जहरीली शराब से जुड़ी घटना के बाद क्षेत्र की महिलाएं भी चिंतित हैं। महिलाओं का कहना है कि अवैध शराब की बिक्री के कारण बटियागढ़ क्षेत्र में भी किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है। थाना प्रभारी के अनुसार महिलाओं को उनकी शिकायत पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है और क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग पर भी ध्यान दिया जाएगा।
शराब दुकान को बस स्टैंड से हटाने की मांग को लेकर थाना प्रभारी ने कहा कि इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। अब देखना होगा कि पुलिस और प्रशासन की ओर से अवैध शराब बिक्री तथा बस स्टैंड स्थित शराब दुकान को लेकर क्या कार्रवाई की जाती है।
ये भी पढ़े – दुबई में CM मोहन यादव ने MP को बताया निवेश का नया ठिकाना, बोले- 24 से 36 घंटे में देश के किसी हिस्से तक पहुंच
- batiyagarh-illegal-liquor-sale-women-protest-demand-removal-liquor-shop








