
बुरहानपुर: वन क्षेत्र में एक बाघ शावक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद वन विभाग में हलचल मच गई है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। 2 अप्रैल को वन भूमि कक्ष क्रमांक 355, बीट धामनगांव में एक बाघ शावक मृत अवस्था में मिला। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नियमानुसार कार्रवाई करते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों के निर्देश पर वहां से आवश्यक साक्ष्य भी एकत्रित किए गए।
वन विभाग द्वारा शावक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम मौजूद रही। पोस्टमार्टम के बाद वन विभाग की मौजूदगी में शावक का अंतिम संस्कार किया गया। इसके साथ ही आसपास के क्षेत्र में सर्चिंग अभियान चलाकर मामले की जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई है, ताकि जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध माना जा रहा है, इसलिए वन विभाग सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रहा है।
वन विभाग का कहना है कि यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही या अवैध गतिविधि सामने आती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है और जांच जारी है।इस घटना के बाद वन्यजीव संरक्षण और सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। अब सभी की नजर वन विभाग की जांच रिपोर्ट पर टिकी है कि बाघ शावक की मौत के पीछे वास्तविक कारण क्या था।
ये भी पढ़े – बुरहानपुर में शिक्षक संगठनों की बैठक, रैली और ज्ञापन देने का ऐलान
- burhanpur-forest-department-tiger-cub-death-investigation










