
दमोह के होटल रॉयल दमयंती पैलेस में सगाई समारोह के दौरान खाना बनाते समय गैस पाइपलाइन फटने से भीषण आग लग गई। हादसे में रायपुर से आई कैटरिंग टीम के तीन कर्मचारी झुलस गए। इनमें एक कर्मचारी की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। एक अन्य घायल का उपचार जारी है।
सगाई समारोह के दौरान अचानक भड़की आग
दमोह के जबलपुर नाका चौकी क्षेत्र स्थित होटल रॉयल दमयंती पैलेस में शनिवार दोपहर अग्रवाल परिवार का सगाई समारोह चल रहा था। समारोह के लिए रायपुर के भाटापारा से कैटरिंग टीम बुलाई गई थी। खाना तैयार करने के दौरान अचानक गैस पाइपलाइन फट गई और रसोई में आग तेजी से फैल गई।
अचानक आग लगने से होटल में अफरा-तफरी मच गई। होटल स्टाफ और पुलिस की मदद से झुलसे कर्मचारियों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।
जान बचाने कमरे में घुसा कर्मचारी, दम घुटने से मौत
हादसे में भाटापारा निवासी कैटरिंग कर्मचारी गौरव की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक आग भड़कने के बाद गौरव जान बचाने के लिए रसोई के पास बने करीब 4×4 फीट के छोटे कमरे में चला गया। वहां से बाहर निकलने का दूसरा रास्ता नहीं था।
कमरे का प्लाई का दरवाजा भी आग की चपेट में आ गया। इसके कारण गौरव अंदर ही फंस गया और दम घुटने से उसकी मौत हो गई।
साथी को बचाने की कोशिश में अजय भी झुलसा
गौरव को बचाने की कोशिश में कैटरिंग टीम का अजय शर्मा भी गंभीर रूप से झुलस गया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे में एक अन्य कैटरिंग कर्मचारी भी घायल हुआ था। इलाज के दौरान एक और कर्मचारी की मौत हो गई।
इस तरह हादसे में कैटरिंग टीम के दो कर्मचारियों की जान चली गई, जबकि एक घायल का उपचार जारी है।
भाटापारा से आई थी आठ सदस्यीय टीम
सगाई समारोह के लिए सेफ बैंकट कैटरिंग सर्विसेज, भाटापारा की आठ सदस्यीय टीम दमोह आई थी। टीम में कैटरिंग संचालक वेंकट पाडिग्रही के अलावा कौशल्या ब्राह्मण, विजय, सूरज, प्रेम, विशाल समेत अन्य कर्मचारी शामिल थे।
पुलिस और प्रशासन ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलने के बाद नगर पुलिस अधीक्षक एचआर पांडे, देहात थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय, जबलपुर नाका चौकी प्रभारी प्रियंका पटेल, एसडीएम सौरभ गंधर्व और तहसीलदार रॉबिन जैन समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गैस पाइपलाइन किस वजह से फटी और होटल में सुरक्षा के क्या इंतजाम थे, इसकी भी जांच की जा रही है।
- Damoh-Hotel-Gas-Pipeline-Blast-Catering-Workers-Death








