
दतिया: श्रद्धालुओं से शराब पार्टी के लिए पैसे मांगने और विरोध करने पर मारपीट व बदसलूकी करने के मामले में डीपार थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंजीत चावला एवं एसडीओपी अजय चानना के मार्गदर्शन में डीपार थाना पुलिस ने कार्रवाई की।
लहार दर्शन के लिए जा रहे दंपती से मांगे पैसे
पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त 2026 को फरियादी कायम सिंह राजपूत, निवासी कितना, थाना डीपार, अपनी पत्नी के साथ दर्शन के लिए लहार जा रहे थे। इसी दौरान जरा घाटी जंगल के पास तीन आरोपियों ने उनसे शराब पार्टी के लिए पैसे मांगे। आरोप है कि पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए फरियादी के साथ मारपीट की। घटना में श्रद्धालु दंपती के साथ बदसलूकी किए जाने की भी शिकायत दर्ज कराई गई। फरियादी की रिपोर्ट पर डीपार थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 56/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरे की तलाश जारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 26 अगस्त को मांगरोल से आरोपी इंद्रवीर सिंह यादव और धर्मा उर्फ शत्रुघ्न पाठक को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय सेवढ़ा के समक्ष पेश किया गया। पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल तीसरे आरोपी मोहकम सिंह यादव की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक यादवेन्द्र सिंह गुर्जर, उप निरीक्षक सियाराम गौड़ सहित थाना डीपार पुलिस टीम की भूमिका रही।
ये भी पढ़े – दतिया में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, शहर और ग्रामीण इलाकों में जलभराव से बढ़ी परेशानी
- datia-deepaar-police-arrested-two-accused-for-assaulting-pilgrims-demanding-money-for-liquor







