
देवास/ गौरव व्यास: कलेक्टर ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, महिला अपराध, एससी एसटी अत्याचार, नशा मुक्ति, चिन्हित अपराध, धोखाधड़ी और अवैध खनन जैसे विषयों की समीक्षा की गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत, नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार, अपर कलेक्टर शोभाराम सोलंकी, अपर कलेक्टर संजीव जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
यातायात नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने परिवहन विभाग को स्कूल बसों, यात्री बसों और अन्य व्यावसायिक वाहनों के फिटनेस, प्रदूषण प्रमाण पत्र , बीमा और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षमता से अधिक सवारी बैठाने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा गंभीर यातायात नियम उल्लंघन के मामलों में ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने के निर्देश भी दिए।
अवैध कट पॉइंट बंद करने के निर्देश
बैठक में देवास भोपाल मार्ग पर बने सभी अवैध कट पॉइंट बंद कराने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि यदि बंद किए गए कट पॉइंट दोबारा खोले जाते हैं तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। टीआई भौंरासा और टीआई सोनकच्छ को भी इस संबंध में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सड़कों से हटाए जाएंगे निराश्रित गोवंश
कलेक्टर ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के मुख्य मार्गों पर घूम रहे निराश्रित गोवंश को गौशालाओं में शिफ्ट करने के निर्देश दिए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान मुख्य मार्गों पर गोवंश मिलने पर संबंधितों के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की जाए।
बसों की निगरानी के लिए स्मार्ट सिस्टम लागू होगा
बैठक में स्मार्ट बस डॉक्यूमेंट मैनेजमेंट एप्लिकेशन का प्रस्तुतीकरण भी दिया गया। इस एप के माध्यम से बसों की मॉनिटरिंग और ड्रंक एंड ड्राइव जांच की जा सकेगी। कलेक्टर ने इसे पहले पायलट प्रोजेक्ट के रूप में जिले की कुछ बसों में लागू करने के निर्देश दिए। साथ ही बस स्टॉप को भी इस प्रणाली से जोड़ने की बात कही, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि बसें केवल निर्धारित स्टॉप पर ही रुकें।
राहवीर योजना के प्रचार प्रसार पर जोर
बैठक में राहवीर योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में चयनित पांच राहवीरों में से चार को प्रोत्साहन राशि स्वीकृत हो चुकी है। कलेक्टर ने योजना का व्यापक प्रचार प्रसार करने और पात्र लोगों को समय पर लाभ दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही जिले के ब्लैक स्पॉट्स पर अल्पकालीन और दीर्घकालीन सुधार कार्य शीघ्र शुरू करने के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया।
- dewas-road-safety-committee-meeting-rituraj-singh








