
टीकमगढ़।दित्यपाल राजपूत| प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों को राहत देते हुए भारत सरकार ने खरीफ फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 जुलाई से बढ़ाकर 17 अगस्त 2026 कर दी है। अधिक से अधिक किसानों को योजना का लाभ दिलाने के लिए टीकमगढ़ जिले में जागरूकता अभियान भी शुरू किया गया है।
फसल बीमा जागरूकता रथ रवाना
सर्किट हाउस से कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय और अन्य अधिकारियों ने दो प्रचार रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये रथ 17 अगस्त तक जिले के सभी विकासखंडों, तहसीलों और ग्राम पंचायतों में पहुंचकर किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की जानकारी देंगे।
17 अगस्त तक करा सकेंगे पंजीयन
अऋणी किसान अपनी अधिसूचित फसलों का बीमा कॉमन सर्विस सेंटर (CSC), जिले के सभी बैंकों या फसल बीमा पोर्टल के माध्यम से 17 अगस्त 2026 तक करा सकते हैं। खरीफ फसलों के लिए किसानों को बीमित राशि का केवल 2 प्रतिशत प्रीमियम जमा करना होगा।
इन दस्तावेजों की होगी आवश्यकता
फसल बीमा कराने के लिए किसानों को भू-अधिकार पुस्तिका, आधार कार्ड, बैंक पासबुक की प्रति, बुआई प्रमाण पत्र (स्वप्रमाणित) और मोबाइल नंबर उपलब्ध कराना होगा।
किसानों से समय पर बीमा कराने की अपील
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि एल-नीनो के संभावित प्रभाव और विपरीत मौसम की आशंका को देखते हुए फसल नुकसान से बचाव के लिए 17 अगस्त से पहले अपनी फसलों का बीमा अवश्य कराएं।
यह भी पढ़े: सागर के गढ़ाकोटा मूंग खरीदी केंद्र पर अवैध वसूली के आरोप, किसानों ने सीएम के नाम सौंपा ज्ञापन
- tikamgarh-pm-fasal-bima-last-date-extended-till-17-august-2026








