
खुरई (सागर)।मनीष कुमार चौबे| सागर जिले की खुरई शहर पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरजिला ट्रैक्टर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चार चोरी के ट्रैक्टर, दो मोबाइल फोन सहित करीब ₹21.20 लाख का मशरूका बरामद किया है।
दो ट्रैक्टर चोरी की शिकायत से खुला मामला
पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई 2026 को खुरई निवासी अरविंद यादव ने थाना खुरई शहर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका और उनके पड़ोसी वीरेंद्र यादव का स्वराज-735 ट्रैक्टर, जो पॉलीटेक्निक कॉलेज के पास घर के सामने खड़ा था, अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह दांगी के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर जांच की। पूछताछ में अंकुष उइके और संतोष उइके ने अपने साथी अनुराग उर्फ अन्नू मालवीय के साथ ट्रैक्टर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने शिवपुरी निवासी मोहर सिंह गुर्जर के कब्जे से चोरी के ट्रैक्टर बरामद किए।
रायसेन और विदिशा की वारदातों का भी खुलासा
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने मई 2026 में रायसेन जिले के गैरतगंज और जुलाई 2026 में विदिशा जिले के खामखेड़ा से भी ट्रैक्टर चोरी किए थे। पुलिस ने उन दोनों ट्रैक्टरों को भी बरामद कर लिया है। गिरोह से जुड़े अन्य मामलों में पूछताछ जारी है।
21.20 लाख का मशरूका बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार स्वराज ट्रैक्टर और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद सामग्री की कुल कीमत लगभग ₹21.20 लाख बताई गई है।
यह भी पढ़े: भोपाल में किसानों का आंदोलन तेज, कांग्रेस ने समर्थन देते हुए सरकार से वार्ता की मांग की
- khurai-police-busts-interdistrict-tractor-theft-gang-three-accused-arrested








