
मैहर: शहर से लगे भटूरा गांव में बढ़ता प्रदूषण अब ग्रामीणों के लिए गंभीर समस्या बनता जा रहा है। कटनी जिले की सीमा से सटे इस क्षेत्र में संचालित एस. गोयनका लाइम एंड केमिकल्स प्राइवेट लिमिटेड के स्टोन क्रेशर पर लगातार धूल और प्रदूषण फैलाने के आरोप लग रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इससे आसपास का वातावरण प्रभावित हो रहा है और लोगों के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ रहा है।
भटूरा ग्राम पंचायत के सरपंच रविशंकर शुक्ला ने इस मामले को लेकर तहसीलदार, एसडीएम, कलेक्टर से लेकर मुख्य सचिव तक कई बार शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतों में क्रेशर से फैल रहे प्रदूषण की जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम सामने नहीं आया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, क्रेशर से निकलने वाली धूल के कारण सांस संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ता जा रहा है। वहीं, वन क्षेत्र से सटे इलाके में होने के कारण यहां रहने वाले वन्य जीवों पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह क्षेत्र दो जिलों की सीमा में होने के कारण समस्या और जटिल हो गई है। दोनों जिलों के लोग इस प्रदूषण से प्रभावित हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभागों की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही।लगातार शिकायतों के बावजूद स्थिति जस की तस बने रहने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रदूषण पर नियंत्रण नहीं किया गया, तो इसका असर आने वाली पीढ़ियों तक पड़ सकता है। अब स्थानीय लोगों की मांग है कि प्रशासन मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कदम उठाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को प्रदूषण से राहत मिल सके।
ये भी पढ़े – मैहर में ‘स्वच्छता पर्यावरण संकल्प हमारा’ अभियान: मिनी लैंड एकेडमी के छात्रों की प्रेरक पहल
- maihar-bhatura-village-pollution-issue-grievance









