
मैहर/देवेश शर्मा की रिपोर्ट: जिले में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए कलेक्टर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी ने आमजन की सुरक्षा को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी ग्राम पंचायतों के अमले को रास्तों, सड़कों, पुल-पुलियों, रपटों और जलभराव वाले स्थानों की लगातार निगरानी करने तथा आवश्यकता के अनुसार सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
कलेक्टर ने सरपंच, सचिव, ग्राम रोजगार सहायक सहित पंचायत अमले को अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को बारिश से उत्पन्न संभावित खतरों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी और डुग्गी पिटवाकर सुरक्षा संबंधी सूचनाओं का प्रसार करने के लिए भी कहा गया है।प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि पुल-पुलियों और रपटों पर पानी होने की स्थिति में उन्हें पार करने का प्रयास न करें। सड़क पर पानी भरा होने पर जान जोखिम में डालकर निकलने से बचें। बारिश के दौरान नदी, नालों और रपटों में नहाने के लिए न जाएं तथा जलभराव वाले स्थानों के आसपास अनावश्यक रूप से जाने से बचें।
तेज आंधी और बारिश के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों तथा कमजोर संरचनाओं से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है। नागरिकों को पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने और बिजली के तारों एवं विद्युत उपकरणों के संपर्क में आने से विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। प्रशासन ने जलभराव वाले क्षेत्रों में लोगों को जाने से रोकने तथा घरों में पानी प्रवेश करने की स्थिति से बचने के लिए पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आवश्यकता पड़ने पर आश्रय स्थल तैयार रखने और कच्चे मकानों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था करने को भी कहा गया है।
ग्राम पंचायतों को सड़कों को आवागमन योग्य बनाए रखने, संवेदनशील पुल एवं रपटों को आवश्यकता अनुसार खंभों अथवा जाली से बंद कराने तथा खतरनाक स्थानों पर चेतावनी एवं सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं। जलभराव वाले स्थानों पर फोटो, सेल्फी या वीडियो बनाने के लिए पहुंचने वाले लोगों को भी सावधान करने को कहा गया है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
अतिवर्षा से बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न होने पर मदद अथवा बाढ़ की सूचना के लिए डिस्ट्रिक्ट कंट्रोल एंड कमांड सेंटर के दूरभाष नंबर 07674-299232 पर संपर्क किया जा सकता है। प्रशासन ने शासकीय विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों, चिकित्सा केंद्रों सहित ग्रामीण क्षेत्रों में इन सावधानियों और निर्देशों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा है। नागरिकों से वर्षाकाल में सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तत्काल स्थानीय प्रशासन को देने की अपील की गई है।
ये भी पढ़े – मैहर में 10.31 ग्राम अवैध स्मैक के साथ आरोपी गिरफ्तार, ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस की कार्रवाई
- maihar-collector-bidisha-mukherjee-rain-safety-advisory-rural-areas-waterlogging








