
मैहर/देवेश शर्मा की रिपोर्ट: नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत मैहर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10.31 ग्राम अवैध स्मैक (ब्राउन शुगर) के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन रीवा गौरव राजपूत के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक मैहर अवधेश प्रताप सिंह के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक महेंद्र सिंह चौहान एवं प्रभारी कोतवाली उप पुलिस अधीक्षक अनिमेष द्विवेदी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त 2026 को कोतवाली पुलिस क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि विनायका मोहल्ला में एक व्यक्ति अवैध रूप से स्मैक बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वहां मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए का एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया।
पुलिस को देखते ही संदिग्ध ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नईम उर्फ लल्लू खान पिता रहीम खान, उम्र 38 वर्ष, निवासी विनायका मोहल्ला, थाना कोतवाली, जिला मैहर बताया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 10.31 ग्राम स्मैक (ब्राउन शुगर) बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने मादक पदार्थ को विधिवत जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक संतोष सिंह, प्रधान आरक्षक हिमांशु, आरक्षक राजेंद्र, आरक्षक सोमेश और आरक्षक अलका तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
ये भी पढ़े – मैहर में निकली संत रविदास समरसता यात्रा, सामाजिक सद्भाव और भाईचारे का दिया संदेश
- maihar-police-smack-brown-sugar-arrest-operation-prahar-10-31-gram








