
दमोह/ आकिब खान: जिले के हटा थाना क्षेत्र के भटिया गांव में घर के बाहर खेलते समय लापता हुई चार वर्षीय मासूम बच्ची का शव देर रात घर के समीप पानी से भरे गड्ढे में मिला। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घर के बाहर खेलते समय हुई थी लापता
पुलिस के अनुसार, मृत बच्ची की पहचान वैष्णवी , पिता शिवम अहिरवार, निवासी ग्राम भटिया के रूप में हुई है। शुक्रवार सुबह वह घर के पास खेल रही थी, तभी अचानक लापता हो गई। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने हटा थाना पुलिस को सूचना दी।
आठ घंटे तक चली तलाश
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुधीर बेगी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी मिलने पर एसडीओपी कृष्ण पाल सिंह और रनेह थाना प्रभारी चंदन सिंह निरंजन भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों ने करीब आठ घंटे तक खेतों, खलिहानों और आसपास के संभावित स्थानों पर बच्ची की तलाश की।
पानी से भरे गड्ढे में मिला शव
तलाश के दौरान एक ग्रामीण ने टॉर्च की रोशनी पानी से भरे गड्ढे में डाली, जहां बच्ची का शव पानी में तैरता हुआ दिखाई दिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए हटा सिविल अस्पताल भेज दिया। शव मिलने के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी स्थिति स्पष्ट
थाना प्रभारी सुधीर बेगी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पानी में डूबने से हुई दुर्घटना प्रतीत होता है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़े: टीकमगढ़ में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, पार्किंग, हॉकर्स जोन और ऑटो स्टैंड होंगे विकसित
- Missing Four-Year-Old Girl Found Dead in Water-Filled Pit in Damoh








