
अंबाह/मुरैना (महेंद्र सिंह लहरिया की रिपोर्ट): मुरैना पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना (भा.पु.से.) ने अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) अंबाह के कार्यालय में अंबाह अनुभाग के अंतर्गत आने वाले सभी थाना प्रभारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों और पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई। समीक्षा बैठक में अंबाह, पोरसा, नगरा एवं महुआ थाना क्षेत्रों की वर्तमान स्थिति की जानकारी थाना प्रभारियों से ली गई। एसपी ने विभिन्न मामलों में प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का हो त्वरित निराकरण
एसपी ने सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों की थाना-वार समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता और गंभीरता से परीक्षण किया जाए तथा शिकायतकर्ता को तथ्यों के आधार पर संतुष्टिपूर्ण समाधान उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और निर्धारित समय सीमा में उसका निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
लंबित मामलों में तेजी लाने के निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने लंबित अपराधों, विवेचनाओं और अन्य प्रकरणों के निराकरण की भी समीक्षा की। उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण जांच पूरी की जाए।
गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर कार्रवाई के निर्देश
अपराधों की रोकथाम के लिए थाना क्षेत्रों में प्रभावी गश्त और निगरानी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। एसपी ने सक्रिय एवं आदतन अपराधियों तथा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने और उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जन विश्वास अभियान और जनसुनवाई पर जोर
मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार संचालित ‘जन विश्वास अभियान’ के तहत प्रभावी कार्रवाई करने के साथ थाना स्तर पर जनसुनवाई को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। एसपी ने कहा कि फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और उनके निराकरण के लिए तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए।
जनता और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय
बैठक में पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय एवं विश्वास कायम करने पर भी विशेष जोर दिया गया। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने और लोगों के साथ संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
अपराध प्रवृत्तियों का नियमित विश्लेषण करें थाना प्रभारी
पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना ने कहा कि प्रत्येक थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में होने वाले अपराधों की प्रवृत्ति का नियमित विश्लेषण करे और उसके आधार पर अपराध नियंत्रण की प्रभावी रणनीति तैयार करे। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
ये भी पढ़े – रामपुरकलां पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ट्रैक्टर-ट्रॉली से 25 पेटी अवैध शराब जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
- morena-sp-dharmraj-meena-ambah-police-review-meeting-cm-helpline-pending-cases











